Helicopter Flower Shower: श्रावणी माह की चौथी सोमवारी पर आगामी 24 अगस्त को गुप्ताधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी. आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को वन विभाग कार्यालय के गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज, डीएफओ स्टालिन फिडल कुमार, एसडीएम नेहा कुमारी, अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रिंयका कुमारी, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार सहित जिले के कई अधिकारियों ने समीक्षा बैठक की.
बैठक में चौथी सोमवारी पर गुप्ताधाम में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने कहा कि 24 अगस्त को गुप्ताधाम आने वाले श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा. इसके लिए संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया.
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष फोकस
चौथी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गुप्ताधाम पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए बैठक में भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीति पर विशेष चर्चा की गयी. धाम परिसर के साथ गुप्ताधाम जाने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गयी.
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को तैयार रखने पर भी जोर दिया गया.
पुष्पवर्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था रहेगी प्राथमिकता
प्रशासन का प्रयास है कि पुष्पवर्षा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह कायम रहे. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौथी सोमवारी से पहले सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाए.
वहीं, पुलिस प्रशासन को भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया. प्रशासनिक तैयारियों के बीच 24 अगस्त को गुप्ताधाम में होने वाली हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
