अंतिम सोमवारी पर रोहतास के गुप्ताधाम में उमड़ेगी रिकार्ड तोड़ भीड़, कैमूर की पहाड़ियों में पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु

सावन की अंतिम सोमवारी पर गुप्ताधाम में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

Rohtas News : श्रावणी माह के दौरान कैमूर पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध गुप्ताधाम में बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. सामान्य दिनों में करीब पांच से आठ हजार श्रद्धालु प्रतिदिन गुप्ताधाम पहुंचते हैं. वहीं सावन की तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक भारी इजाफा हुआ था. इस दौरान करीब चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने और बाबा गुप्तेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने की बात बतायी गयी थी.

तीसरी सोमवारी की भीड़ ने बढ़ायी चुनौती, अंतिम सोमवारी पर और बढ़ेगा दबाव

तीसरी सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ ने प्रशासन और गुप्ताधाम कमेटी के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी. हालांकि पुलिस, वन विभाग और कमेटी के सदस्यों ने आपसी समन्वय से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने का प्रयास किया. अब सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है. प्रशासन, वन विभाग और गुप्ताधाम कमेटी का अनुमान है कि अंतिम सोमवारी पर लाखों की संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु गुप्ताधाम पहुंच सकते हैं.

रविवार से ही शुरू हो जायेगा कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला

अंतिम सोमवारी को लेकर रविवार से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज होने की संभावना है. गंगाजल लेकर पहाड़ी मार्ग से गुफा तक पहुंचने वाले कांवरियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. गुप्ताधाम जाने वाले प्रमुख रास्तों पर पुलिस और वन विभाग के जवानों की तैनाती की जा रही है.

गुफा के अंदर भीड़ और ऑक्सीजन स्तर पर रहेगी नजर

श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर गुफा के अंदर भेजने की व्यवस्था की जा रही है. भीड़ के दबाव पर लगातार नजर रखी जायेगी. गुफा के अंदर भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने और ऑक्सीजन की स्थिति पर निगरानी रखने को लेकर पुलिस प्रशासन विशेष सावधानी बरत रहा है. थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार सहित पुलिस पदाधिकारी लगातार व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. वन विभाग की टीम भी पहाड़ी मार्ग और गुप्ताधाम परिसर में मुस्तैद रहेगी.

गुप्ताधाम की खासियत, प्राकृतिक गुफा में विराजमान हैं बाबा गुप्तेश्वरनाथ

कैमूर पहाड़ी की प्राकृतिक गुफा में बाबा गुप्तेश्वरनाथ का प्राचीन शिवलिंग विराजमान है. रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड क्षेत्र में स्थित गुप्ताधाम धार्मिक और प्राकृतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है. गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पहाड़ी और दुर्गम रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. सावन और महाशिवरात्रि के दौरान बिहार के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश, बंगाल और आसपास के अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं.

गंगाजल लेकर पहाड़ी रास्ते से गुफा तक पहुंचते हैं कांवरिये

बाबा गुप्तेश्वरनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए कांवरिये गंगाजल लेकर पहाड़ी रास्ते से गुफा तक पहुंचते हैं. पहाड़, जंगल और प्राकृतिक गुफा के बीच स्थित होने के कारण गुप्ताधाम धार्मिक आस्था के साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है.

अंतिम सोमवारी पर प्रशासन के सामने होगी बड़ी चुनौती

तीसरी सोमवारी में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अंतिम सोमवारी पर इससे भी अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है. श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ पुलिस, वन विभाग और गुप्ताधाम कमेटी के लिए भीड़ को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी. प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को बिना परेशानी के कतारबद्ध तरीके से बाबा गुप्तेश्वरनाथ का दर्शन और जलाभिषेक कराया जाये.

. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network
फोटो कैप्शन:- गुप्ता धाम में के रास्ते में आते-जाते श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network
फोटो कैप्शन:- गुप्ता धाम में के रास्ते में आते-जाते श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >