सासाराम का फुटबॉल खिलाड़ी बना भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर, गौरव कुमार का हुआ सम्मान

Sasaram News : सासाराम के गौरव कुमार, जो फुटबॉल के मैदान पर पसीना बहाते थे, अब भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं. शंकर स्पोर्ट्स क्लब से अपने सफर की शुरुआत करने वाले गौरव ने पढ़ाई, खेल और नौकरी के साथ अपनी तैयारी जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया है.

Sasaram News : फुटबॉल के मैदान पर पसीना बहाने वाला सासाराम का खिलाड़ी गौरव कुमार अब भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है. शंकर स्पोर्ट्स क्लब से अपने खेल सफर की शुरुआत करने वाले गौरव ने पढ़ाई, खेल और नौकरी के साथ अपनी तैयारी जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया है. 5 सितंबर 2026 को एयरफोर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बेंगलुरु से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सासाराम लौटे गौरव का न्यू स्टेडियम फजलगंज में खेल संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने स्वागत किया.

2019 में शंकर स्पोर्ट्स क्लब से शुरू किया फुटबॉल का सफर

गौरव ने वर्ष 2019 में शंकर स्पोर्ट्स क्लब से फुटबॉल खेलना शुरू किया था. इसी दौरान उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी की पहली और दूसरी परीक्षा की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन साक्षात्कार में सफलता नहीं मिली. असफलता के बावजूद उन्होंने प्रयास जारी रखा और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे.

207वीं रैंक हासिल कर पूरा किया इंजीनियरिंग कोर्स

12वीं के बाद गौरव ने कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, भुवनेश्वर की प्रवेश परीक्षा दी और 207वीं रैंक हासिल की. इसके बाद उन्होंने चार वर्ष का इंजीनियरिंग कोर्स पूरा किया. वर्ष 2023 में नौकरी के सिलसिले में गुजरात चले गये. नौकरी के साथ मिलने वाले समय का उपयोग उन्होंने एयरफोर्स के एप्टीट्यूड टेस्ट की तैयारी में किया.

वर्ष 2024 में उन्होंने एप्टीट्यूड टेस्ट में सफलता हासिल की. इसके बाद उनका प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ और उन्होंने एयरफोर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बेंगलुरु से प्रशिक्षण पूरा किया.

फुटबॉल के अनुभव ने साक्षात्कार में दिलायी मदद

गौरव ने बताया कि एयरफोर्स के साक्षात्कार में उनसे फुटबॉल की हॉबी और उससे जुड़े अनुभवों पर भी सवाल पूछे गये. फुटबॉल खेलने के दौरान विकसित अनुशासन, टीम भावना और मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता का उन्हें साक्षात्कार में लाभ मिला.

Also Read : रोहतास महिला कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग, मुख्यमंत्री से मिले विधायक मुरारी प्रसाद गौतम

उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को मजबूत नहीं बनाता, बल्कि व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को भी विकसित करता है. पढ़ाई के साथ खेल और खेल के साथ पढ़ाई का संतुलन जरूरी है.

युवाओं को मोबाइल से बाहर निकलकर मैदान और किताबों से जुड़ने की सलाह

गौरव ने आज के युवाओं को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर मैदान और किताबों से जुड़ने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और अनुशासन के साथ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासन और परिवार व गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया.

Also Read : सासाराम: जिले के तीन थानों में थानाध्यक्ष बदले, पुलिस विभाग ने जारी किया स्थानांतरण आदेश

खेल संघ और खिलाड़ियों ने अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

न्यू स्टेडियम फजलगंज में आयोजित सम्मान समारोह में रोहतास जिला खेल संघ के सचिव एवं सेवानिवृत्त बिहार रेजीमेंट सेंटर, दानापुर छावनी के दामोदर सिंह, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच विजय प्रताप सिंह, बिहार फुटबॉल संघ के संयोजक राहुल सिंह, वर्ष 2013 के राष्ट्रीय खिलाड़ी राम लखन पासवान सहित शंकर स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने गौरव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.

सम्मान समारोह के दौरान गौरव ने अपने गुरु दामोदर सिंह, विजय प्रताप सिंह और बड़े भाई राहुल सिंह के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया. उनकी उपलब्धि पर मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जतायी.

Also Read : कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार पर चर्चा, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की बनी रणनीति

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. आरिफ खान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >