Rohtas News : बिक्रमगंज के तेंदुनी चौक स्थित आभूषण दुकान में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की. इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
जनवरी की घटना का अब तक नहीं हुआ खुलासा
यह पहली बार नहीं है जब नगर के आभूषण कारोबारियों को अपराधियों ने निशाना बनाया है. इससे पहले 15 जनवरी 2026 को लाला जी ज्वेलर्स में चोरी का प्रयास हुआ था. उस समय पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे. उस मामले का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है.
जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि वर्तमान लूटकांड को पुलिस गंभीरता से ले रही है. एफएसएल की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही महत्वपूर्ण सफलता हासिल कर घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करेगी और पूरे मामले का खुलासा करेगी.
