Rohtas News : नासरीगंज प्रखंड के धुस स्थित भाकपा माले कार्यालय में रविवार को अखिल भारतीय किसान महासभा की जिला कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव जनविजय तिवारी ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष जवाहर लाल यादव ने किया. बैठक में किसानों, मजदूरों और नौजवानों से जुड़े मुद्दों के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों पर चर्चा की गयी.
किसान कर्ज के दलदल में फंसे : अरुण सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह काराकाट विधायक अरुण सिंह ने केंद्र और बिहार सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज देश के किसान, मजदूर और नौजवान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं. केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की सम्राट चौधरी सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रही हैं.
किसानों के लिए खेती बनी घाटे का सौदा
अरुण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में किसानों ने आत्महत्या की है और खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है. किसान कर्ज के दलदल में फंसते जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और गरीबों की समस्याओं पर सरकार का अपेक्षित ध्यान नहीं है.
अमीरों के कर्ज माफ, किसानों को राहत नहीं : विधायक
विधायक ने कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों और कारखाना मालिकों के कर्ज माफ कर रही है, लेकिन किसानों, मजदूरों और गरीबों के कर्ज माफ नहीं किये जा रहे हैं. उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.
राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने की अपील
बैठक के दौरान 20 और 21 सितंबर को पंजाब के जालंधर में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय किसान महासभा के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की गयी. संगठन को मजबूत करने और किसान-मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी अभियान चलाने पर चर्चा हुई.
बैठक में मोतीलाल साह, कामेश्वर सिंह, राजेंद्र यादव, विनय पटेल, निकुंज प्रसाद, सुदामा सिंह, उधम सिंह, रिंकू राम, पिंटू सिंह, अरविंद सिंह, नंद कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
