नीट यूजी : आज जिले के सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में होगी परीक्षा
3523 अभ्यर्थी होंगे शामिल, 11 बजे से इंट्री, 1:30 बजे के बाद प्रवेश बंद
सीसीटीवी, बायोमेट्रिक और दो लेयर फ्रिस्किंग से होगी निगरानी
परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी : डीएम
सही उत्तर पर चार अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की कटौती की जायेगी
एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र और निर्धारित आवश्यक सामग्री ही ले जाने की अनुमति
फोटो-3- डीआरडीए सभागार में आयोजित ब्रीफिंग में शामिल अधिकारी व अन्य. प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस
जिले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यूजी-2026 परीक्षा रविवार यानी तीन मई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी. जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार, जिले में सात परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जहां 3523 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जायेगी. अभ्यर्थियों को सुबह 11:00 बजे से केंद्र में प्रवेश दिया जायेगा, जबकि 1:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा.
परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में दंडाधिकारी और केंद्र अधीक्षकों की ब्रीफिंग की गयी. इसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता सर्वोपरि है. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ करने को कहा गया.
इन जगहों पर बनाये गये परीक्षा केंद्र:
बैठक में बताया गया कि जिले के शेरशाह कॉलेज, एसपी जैन कॉलेज, शेरशाह सूरी इंटर स्कूल, शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज, श्री शंकर उच्च माध्यमिक स्कूल, रोहतास महिला कॉलेज और श्री शंकर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और उड़नदस्ता टीम की तैनाती की गयी है. साथ ही सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और दो चरणों में फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
कैलकुलेटर व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर प्रतिबंध
डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गहने या अन्य संदिग्ध वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी. अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र और निर्धारित आवश्यक सामग्री ही साथ लाने की अनुमति होगी. परीक्षा केंद्रों के 200 गज के दायरे में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी और मीडिया के प्रवेश पर भी रोक रहेगी. वहीं प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और भंडारण के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. परीक्षा के बाद ओएमआर शीट भी कड़ी निगरानी में संग्रहित की जाएगी. इसके अलावा परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से पूरी व्यवस्था की निगरानी होगी.
180 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे
जायेंगे
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. गौरतलब है कि परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से 180 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जायेंगे, जिनके लिए कुल 720 अंक निर्धारित हैं. प्रत्येक सही उत्तर पर चार अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की कटौती की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.