दर्जनों दुकानदारों पर वसूला जुर्माना, ठेला दुकानदारों में मची अफरातफरी

कार्रवाई. डेहरी में थाना चौक से आंबेडकर चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

फोटो -9 -कार्रवाई को लेकर सडक पर उतरा प्रशासन ए.- जेसीबी में जब्त कर समान रखते नप कर्मी कार्रवाई. डेहरी में थाना चौक से आंबेडकर चौक तक चला अभियान दो शिफ्टों में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति प्रतिनिधि, डेहरी नगर शहर में पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त रूप से मंगलवार को अतिक्रमण के विरुद्ध दूसरे दिन भी अभियान चलाया. प्रशासन ने अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर पहले दिन सोमवार को सड़क से दुकान हटाने के लिए माइकिंग करायी थी. इसके बावजूद भी कई ठेला वाले सड़क पर दुकान लगाकर डटे हुए थे. मंगलवार को जैसे ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी थाना चौक से आंबेडकर चौक और पुनः थाना चौक पर सड़क किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने पहुंचे, तो दुकानदारों में खलबली मच गयी. कई दुकानदार इधर-उधर ठेले व सामान लेकर भागने लगे. इस कार्रवाई के दौरान कुछ का सामान सड़क पर गिर गया, जिसे वे उठाते नजर आये. प्रशासन ने सड़क व नाला पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दर्जनों दुकानदारों से जुर्माना वसूला. हालांकि, कई दुकानदारों ने अपनी दुकान सड़क पर न होने का हवाला दिया, लेकिन प्रशासन ने एक न सुनी और नाला पर दुकान लगाने वालों से जुर्माना वसूला. इस कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को चयनित त्रिमुहानी जमीन में दुकान लगाने का निर्देश दिया गया. हालांकि, जनवरी माह में भी अनुमंडल प्रशासन ने अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर थाना चौक स्थित त्रिमुहानी जमीन में ठेला दुकानदारों को शिफ्ट कराया था, लेकिन कुछ दिन बाद वे फिर सड़क पर लौट आये थे. साढ़े छह हजार रुपये जुर्माना वसूला इस कार्रवाई के दूसरे दिन नगर परिषद प्रशासन ने लगभग एक दर्जन दुकानदारों से लगभग साढ़े छह हजार रुपये का जुर्माना वसूला और पुनः दुकान न लगाने की चेतावनी दी. अतिक्रमण रोकने के लिए थाना चौक से आंबेडकर चौक तक सड़क पर दुकान न लगे, इसके लिए अनुमंडल प्रशासन ने दो शिफ्टों में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे तक तथा दूसरी पाली शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक निर्धारित की गयी है. दंडाधिकारी के रूप में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी डेहरी रोहित कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव राय, राजस्व पदाधिकारी तौकीर अहमद, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी पंकज कुमार निराला, नगर प्रबंधक आसिफ सेराज, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार की प्रतिनियुक्ति की गयी है. पुलिस पदाधिकारी के रूप में पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार, दीवान जाबीर खान, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार, संतोष कुमार, डब्ल्यू कुमार, जितेंद्र कुमार की प्रतिनियुक्ति की गयी है. साथ ही निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि में किसी भी परिस्थिति में मुख्य मार्ग पर ठेला वेंडरों का ठहराव नहीं होने दिया जाये. कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद डेहरी डालमियानगर को निर्देश दिया गया है कि टैक्स दारोगा को दंडाधिकारी के साथ जोड़कर अवैध अतिक्रमणकारियों से निर्धारित अर्थदंड की वसूली करायी जाये. कार्रवाई में शामिल रहे अधिकारी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान अवर निर्वाची पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह, नगर परिषद इओ विमल कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव राय, एलइओ रोहित कुमार, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल व नगर परिषद कर्मी शामिल रहे. क्या कहते हैं अफसर अवर निर्वाची पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की गयी है. आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी. कुछ दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया है और उन्हें त्रिमुहानी जमीन में दुकान लगाने का निर्देश दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag sharan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >