Rohtas News : नासरीगंज प्रखंड के खिरीआवं गांव से सोन नदी किनारे भैंस चराने गये 65 वर्षीय किसान रामदयाल यादव लापता हो गये हैं. मंगलवार को नदी किनारे गये रामदयाल के सभी मवेशी वापस घर लौट आये, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. परिजनों को आशंका है कि बढ़ते जलस्तर के कारण वह नदी में डूब गये होंगे या सोन के डीला अथवा दलदल में फंस गये होंगे. काफी खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर कछवां थाने में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया गया है. सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया है.
मवेशी घर लौटे, लेकिन नहीं लौटे रामदयाल
परिजनों के अनुसार रामदयाल यादव एक सितंबर मंगलवार को नदी किनारे चर रहे मवेशियों को लाने के लिए गये थे. उनके सभी मवेशी सुरक्षित घर लौट आये, लेकिन रामदयाल वापस नहीं आये. इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और सोन नदी के तट पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.
नदी में डूबने या दलदल में फंसने की आशंका
सोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों को आशंका है कि रामदयाल नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गये होंगे. वहीं, सोन नदी में बने डीला या दलदली क्षेत्र में फंसने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. प्रशासन भी इन्हीं संभावनाओं को ध्यान में रखकर रेस्क्यू अभियान की तैयारी कर रहा है.
सीओ की पहल पर पहुंची एसडीआरएफ टीम
खिरीआवं की मुखिया मंजू देवी और समाजसेवी वीरेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी अंचल प्रशासन को दी. इसके बाद सीओ अंचला कुमारी की पहल पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया. सीओ ने बताया कि लापता होने के स्थान के आसपास नदी में डूबने अथवा सोन डीला पर फंसे होने की आशंका को देखते हुए खोजबीन की जायेगी.
अंधेरा होने से बुधवार को नहीं शुरू हो सका अभियान
एसडीआरएफ की टीम बुधवार देर शाम महदेवां सोन नदी तट पर पहुंची. लेकिन अंधेरा होने के कारण तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका. टीम गुरुवार सुबह से नदी और आसपास के संभावित स्थानों पर लापता किसान की तलाश शुरू करेगी.
परिवार में मचा कोहराम, सकुशल वापसी की प्रार्थना
रामदयाल यादव किसान हैं और उनके दो पुत्र तथा एक पुत्री हैं. उनके ज्येष्ठ पुत्र की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जो झारखंड पुलिस में कार्यरत थे. रामदयाल के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजन उनकी सकुशल वापसी के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं. मुखिया मंजू देवी भी उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रही हैं.
बढ़ते जलस्तर से तटीय इलाकों में बढ़ी चिंता
सोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है. नदी का पानी देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुट रही है. ग्रामीण सोन नदी का जलस्तर जल्द घटने की प्रार्थना कर रहे हैं. वहीं, प्रशासन की ओर से लगातार उद्घोषणा कर लोगों को नदी और जलजमाव वाले संवेदनशील इलाकों से दूर रहने के लिए अलर्ट किया जा रहा है.
