केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान में रोहतास जिले के स्कूलों ने उत्साह के साथ भाग लिया. जिले के 41 विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान 3810 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सहभागिता से 1233 पौधे लगाए गए.
41 स्कूलों में हुआ पौधरोपण अभियान
इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मातृशक्ति के सम्मान में पौधरोपण को जन आंदोलन बनाना है. अभियान के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों में पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया.
बिहार में लगे 62 हजार से अधिक पौधे
शिक्षा विभाग के अनुसार 5 जून से अब तक बिहार के 2179 स्कूलों में 2969 कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों में 1,38,771 छात्र और 8625 शिक्षकों सहित कुल 1,47,396 लोगों ने भाग लिया. इस दौरान पूरे राज्य में 62,705 पौधों का रोपण किया गया.
जमुई पहले, रोहतास ने भी दर्ज कराई मजबूत भागीदारी
राज्यस्तरीय आंकड़ों के अनुसार जमुई जिले में सबसे अधिक 30,758 पौधे लगाए गए. इसके बाद सीवान में 4090, नालंदा में 1900, खगड़िया में 3042, दरभंगा में 3071, शेखपुरा में 2416, बक्सर में 1688, पटना में 1223 और वैशाली में 1308 पौधों का रोपण किया गया. रोहतास में भी 1233 पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाया गया.
पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है. स्कूलों के इको क्लब के माध्यम से छात्रों को पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है.
