Rohtas News : जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को नोखा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यालयीय कार्यों की समीक्षा में बड़ी संख्या में मामले लंबित मिले. कन्या विवाह योजना के करीब 35 और ट्राइसाइकिल वितरण के पांच मामले लंबित पाए गये. वहीं, राजस्व विभाग से जुड़े परिमार्जन के 57 प्रतिशत मामले भी लंबित मिले. मामलों के निष्पादन में सुस्ती पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कन्या विवाह और ट्राइसाइकिल के मामले जल्द निबटाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जीवन प्रमाणीकरण, कन्या विवाह योजना, ट्राइसाइकिल वितरण, कैश बुक, समापन एवं नीलामी और उपयोगिता प्रमाण पत्र समेत विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गयी. कन्या विवाह योजना के करीब 35 मामले और ट्राइसाइकिल वितरण के पांच मामले लंबित मिले. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.
57 प्रतिशत परिमार्जन मामले लंबित, डीएम ने जतायी नाराजगी
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज और परिमार्जन की प्रगति भी जांची गयी. परिमार्जन के 57 प्रतिशत मामले लंबित पाये जाने पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर तेजी से निष्पादन करने को कहा. आगत-निर्गत पंजी की भी समीक्षा की गयी और लंबित मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर उस पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
आरटीपीएस आवेदनों के समय पर निष्पादन पर जोर
डीएम ने आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीय कार्यों में जवाबदेही और जनहित को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
10 एकड़ के तालाब में शुरू होगी बोटिंग की व्यवस्था
हथिनी पंचायत सरकार भवन के समीप करीब 10 एकड़ में फैले तालाब का भी निरीक्षण किया गया. डीएम ने यहां बोट चलाने की व्यवस्था शुरू करने को लेकर संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया. इससे स्थानीय स्तर पर मनोरंजन और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
दहासिल डैम को पर्यटन स्थल बनाने की संभावनाएं देखीं
प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के बाद डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने डीडीसी आकांक्षा आनंद के साथ नोखा स्थित दहासिल डैम का निरीक्षण किया. उन्होंने डैम की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. साथ ही, यहां पर्यटन सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की.
अधिकारियों ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निरीक्षण के बाद डीएम दीपक कुमार मिश्रा और डीडीसी आकांक्षा आनंद ने प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया.
जनप्रतिनिधियों ने डीएम और डीडीसी को किया सम्मानित
मौके पर प्रखंड प्रमुख अरविंद कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष रुपेश चंद्रवंशी और प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने डीएम दीपक कुमार मिश्रा एवं डीडीसी आकांक्षा आनंद को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, बीडीओ शेफाली, अंचल अधिकारी पुष्पा कुमारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार, बीसीओ मनीष कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन कुमार श्रीवास्तव, नगर परिषद के सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
