Sasaram News : सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद ग्रामीण कार्य विभाग ने सासाराम-बिक्रमगंज मुख्य पथ से हनुमान मंदिर होते हुए पड़रिया गांव तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. विभाग ने संवेदक को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं किया गया तो अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल बिक्रमगंज के कार्यपालक अभियंता द्वारा 30 जून 2026 को जारी पत्रांक-929 के माध्यम से शिकायतकर्ता चंद्र प्रकाश सिंह को जानकारी दी गई कि संबंधित सड़क का निर्माण ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं अनुरक्षण योजना 2025-26 के अंतर्गत कराया जा रहा है. इस पैकेज में कुल 23 सड़कें शामिल हैं, जिनमें उक्त सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है.
निर्माण कार्य में मिलीं त्रुटियां
विभाग ने पत्र में बताया है कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी त्रुटियां पाई गई हैं. इन कमियों को दूर करने के लिए संवेदक को पत्र जारी कर आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, संवेदक ने विभाग को आश्वस्त किया है कि सभी त्रुटियों को शीघ्र दूर कर शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा.
पहले भी जारी हो चुका था नोटिस
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य में हो रही देरी को देखते हुए 16 मई 2026 को ही संवेदक को पत्र जारी कर समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था. साथ ही स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित अवधि के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
उप विकास आयुक्त को भी भेजी गई पत्र की प्रति
इस संबंध में जारी पत्र की प्रति उप विकास आयुक्त, रोहतास को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है. विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि अधूरी सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी.
Also Read : मौत का रास्ता बना 'चाचरपुल', 14 वर्षीय आर्चना की मौत के बाद भी जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण
