प्रतिनिधि, शिवसागर. शिवसागर में वाहन जांच के दौरान दिल्ली में चोरी के मामले में दर्ज एक कार को जब्त किया गया है. कार के आगे के शीशे पर प्रेस लिखा हुआ था. वाहन पर प्रेस लिखा देखकर जांच के दौरान संदेह हुआ, जिसके बाद मोटर वाहन निरीक्षक ने कार के कागजात और उससे जुड़े विवरण की जांच करायी.
दिल्ली में चोरी के मामले में दर्ज मिली कार
जांच के दौरान उपलब्ध वाहन विवरण में कार के दिल्ली में चोरी के मामले में दर्ज होने की जानकारी सामने आयी. इसके बाद कार को शिवसागर थाना परिसर में जब्त करा दिया गया. जब्त कार का नंबर डीएल 1 जेडसी 0575 है. उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार कार को दिल्ली के टैक्सी यूनिट मुख्यालय की ओर से चोरी के कारण लॉक किया गया था.
गोविंदपुरी थाने में दर्ज है कांड
वाहन से संबंधित विवरण में गोविंदपुरी साउथ ईस्ट थाना में कांड संख्या 045536, दिनांक 31 दिसंबर 2019 दर्ज होने का उल्लेख है. उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार कार का निबंधन 6 अगस्त 2018 को हुआ था. पुलिस और परिवहन विभाग अब वाहन से जुड़े अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रहे हैं.
प्रेस लिखे होने पर हुआ संदेह
बताया जाता है कि वाहन जांच के दौरान कार के आगे के शीशे पर प्रेस लिखा देखकर उसके संबंध में जानकारी ली गयी. कागजात और वाहन के विवरण की जांच के दौरान चोरी के मामले की जानकारी सामने आयी. इसके बाद मोटर वाहन निरीक्षक के स्तर से कार्रवाई करते हुए कार को शिवसागर थाना में जब्त कराया गया.
शिवसागर तक कैसे पहुंची कार, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली में चोरी के मामले में दर्ज कार शिवसागर तक कैसे पहुंची और वर्तमान में इसका इस्तेमाल कौन कर रहा था. कार पर प्रेस लिखे जाने को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन पर प्रेस किसके द्वारा और किस उद्देश्य से लिखा गया था.
फिटनेस और परमिट की भी जांच
उपलब्ध वाहन विवरण के अनुसार कार का फिटनेस 31 जुलाई 2020 तक और परमिट 12 अगस्त 2023 तक वैध था. पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से वाहन के कागजात और अन्य संबंधित जानकारी जुटायी जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ALSO READ : पितृपक्ष मेला से पहले गया की सफाई पर जोर, एक महीने चलेगा विशेष अभियान, डीएम ने दिखाई हरी झंडी
