काल भी उसका क्या करें, जो भक्त हो महाकाल का... पर झूमे लोग

भोजपुरी अभिनेता अरविंद अकेला उर्फ कल्लू व अंकुश राजा ने बहायी सुरों की धारा, मुग्ध हुए लोग

चेनारी. काल भी उसका क्या करें, जो भक्त हो महाकाल का, मौत से भी वह न डरे बंदा, है कमाल का. शिव के चरण में खाली शिष्य झुकावे डारे सिर्फ महाकाल से…. जैसे भजनों की धारा भोजपुरी गायक अरविंद अकेला उर्फ कल्लू ने शनिवार की शाम स्वरों से बहायी. इससे चेनारी शहर में श्रोता भावविभोर हो गये. अवसर था चेनारी स्थित राम दुलारी गंगा हाइस्कूल परिसर में जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित गुप्ताधाम महोत्सव का. उन्होंने भजनों की रसधार बहा कर श्रोताओं को अपने रंग में रंग लिया. भक्तिमय गायकी से श्रोताओं पर भक्तिरस बरसाया. उनकी प्रस्तुतियों ने जमकर तालियां बटोरी, अरविंद अकेला उर्फ कल्लू और गायक अंकुश राजा ने अपने चिरपरिचित अंदाज में अपनी गायन की प्रस्तुति देनी शुरू की, तो आरंभ से ही समां बांध दिया. कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी अभिनेता गायक अरविंद अकेला उर्फ कल्लू ने भगवान भोलेनाथ का गीत प्रस्तुत की. उक्त कार्यक्रम में भजन, शास्त्रीय व सुगम संगीत पर आधारित भक्ति रचनाओं से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा. इसके बाद गायिका शिवानी सिंह और हर्षप्रीत कौर ने अपनी सुरीली आवाज से लोगों का मन मोह लिया. देर रात तक श्रोता भक्तिरस में डूबे रहे. कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम नेहा कुमारी, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह, डीडीसी विजय पांडे, ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. गुप्ताधाम महोत्सव जिले की विरासत से जुड़ा हुआ है : विधायक मौके पर विधायक मुरारी प्रसाद गौतम कहा कि गुप्ताधाम महोत्सव जिले की विरासत से जुड़ा हुआ है. पर्यटन विभाग की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. अपने आप में ऐतिहासिक है. यह क्षेत्र जिले का हृदय है. यहां पर पर्यटन के लिए बहुत कुछ है. इसको आनेवाले समय में तेजी से विकसित किया जायेगा. शेरगढ़ और दुर्गावती डैम को देखने लोग दूर-दूर से यहां आते हैं. कार्यक्रम तय समय से एक घंटे विलंब से शुरू हुआ. मौके पर पहुंचे संसद मनोज कुमार, विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह सहित सभी अतिथि को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया. सड़क बनने के बाद गुप्ताधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी : वन विभाग द्वारा गुप्ताधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विगत चार वर्ष पहले तैयार की गयी सड़क ने इस धार्मिक स्थल के प्रचार-प्रसार को और भी बढ़ावा दिया है. डीएम ने कहा कि यही कारण है कि लोग पहले दिन भर पैदल चलकर वहां पहुंचते थे, अब वन विभाग व रोहतास प्रशासन के प्रयास से सिर्फ कुछ ही घंटे के सफर करने बाद गुप्ताधाम पहुंच जा रहे हैं. इसकी वजह है कि श्रद्धालु आसानी से पहुंच जाते हैं और उसी तरीके से वापस लौट आते हैं. दो दिनों की जगह एक दिन में ही दर्शन कर यात्रा समाप्त होने की सहूलियत सामने आयी है. विधायक ने कहा-पर्यटक को बढ़ाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा यह महोत्सव सांस्कृतिक गुप्ताधाम महोत्सव का उद्घाटन बिहार सरकार के पुर्व पंचायती राज मंत्री व वर्तमान विधायक मुरारी प्रसाद गौतम सहित कई अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस मौके पर विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने कहा कि गुप्ताधाम के नाम पर महोत्सव का आयोजन होना उसे वैदिक जगह पर पर्यटक को बढ़ावा देने के लिए मील का पत्थर के समान यह कदम है. ऐसे आयोजनों का परिणाम है कि इस वर्ष महाशिवरात्रि में लाखों लाख श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे हुए थे, जिससे लोग जागरूक हुए हैं, रोहतास प्रशासन वन एवं पर्यावरण विभाग से मिलकर गुप्ताधाम के विकास के लिए और भी कई कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रहा है. दूर-दराज से पहुंचे लोग गायक अरविंद अकेला उर्फ कल्लू,गायक अंकुश राजा, गायिका शिवानी सिंह और हर्षप्रीत कौर की आवाज सुनने के लिए काफी दूर-दराज से लोग पहुंचे थे. गुप्ता धाम महोत्सव में भोजपुरी अभिनेता व गायक अरविंद अकेला उर्फ कल्लू ने अपने भक्तिमय गीतों और भजनों से सब का मन मोह लिया. गायक के भजन बम बम बोल रहा है काशी, चला गुप्ता धाम नगरिया बाबा के जल चढ़ावे भजन पर सबने जमकर तालियां बजाई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >