रोहतास: कोचस नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में हंगामा, आय-व्यय का हिसाब नहीं मिला तो पार्षदों ने किया बहिष्कार

कोचस नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में आय-व्यय का ब्यौरा न मिलने पर पार्षदों ने किया बहिष्कार, टैक्स वृद्धि प्रस्ताव को भी किया खारिज।

Rohtas News : नगर पंचायत के सभाकक्ष में शनिवार को मुख्य पार्षद शबनम परवीन की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. बैठक शुरू होते ही पिछले एक वर्ष के आय-व्यय का पूरा विवरण सदन में प्रस्तुत करने की मांग को लेकर पार्षदों और नगर कार्यपालक पदाधिकारी के बीच असहमति हो गयी. आय-व्यय का ब्योरा उपलब्ध नहीं होने से नाराज पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया.

आय-व्यय का हिसाब नहीं मिला तो पार्षदों ने जताया विरोध

बैठक में पार्षदों ने नगर इओ ओमप्रकाश सिंह से पिछले एक वर्ष में नगर पंचायत को हुई आय, योजनाओं पर हुए खर्च और विभिन्न भुगतानों का विस्तृत लेखा-जोखा मांगा. पार्षदों का आरोप था कि मांग के बावजूद ब्योरा उपलब्ध कराने में टाल-मटोल की गयी. इसके बाद सदस्यों ने स्पष्ट किया कि जब तक पूरे वर्ष का आय-व्यय सदन के सामने नहीं रखा जाता, तब तक किसी नये प्रस्ताव पर चर्चा नहीं की जायेगी.

15% होर्डिंग टैक्स वृद्धि का प्रस्ताव खारिज

बैठक में पिछली बोर्ड बैठक में पारित 15 प्रतिशत होर्डिंग टैक्स वृद्धि प्रस्ताव की संपुष्टि का मामला भी सामने आया. वार्ड संख्या चार के पार्षद चुनमुन कुमार पांडेय ने इसका जोरदार विरोध किया. उन्होंने कहा कि जब तक नगर पंचायत की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी जाती हैं, तब तक टैक्स में वृद्धि उचित नहीं है. वार्ड संख्या 16, वार्ड संख्या 09 समेत अन्य पार्षदों ने भी इस पर सहमति जतायी और होर्डिंग टैक्स वृद्धि के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से अस्वीकार कर दिया.

पार्षदों ने मांगा पूरे साल का लेखा-जोखा

वार्ड संख्या आठ के पार्षद विनय सिंह और वार्ड संख्या चार के पार्षद चुनमुन कुमार पांडेय ने दोबारा मांग रखी कि पहले नगर पंचायत के पूरे वर्ष के आय-व्यय का विवरण सदन में उपलब्ध कराया जाये. सभी सदस्यों ने इस मांग पर सहमति जतायी. इसके बाद सामान्य बोर्ड की बैठक को स्थगित कर दिया गया.

पारदर्शिता को लेकर उठाये सवाल

पार्षदों ने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्यों और पारदर्शी व्यवस्था के लिए आय-व्यय का पूरा विवरण सदन के सामने रखा जाना जरूरी है. जनता से टैक्स लिया जा रहा है तो उसके खर्च का हिसाब भी सार्वजनिक होना चाहिए.

नाजिर के नहीं रहने से नहीं मिल सका ब्योरा : इओ

मामले में नगर इओ ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि कार्यालय में नाजिर के उपस्थित नहीं होने के कारण आय-व्यय का पूरा ब्योरा सदन में उपलब्ध नहीं कराया जा सका. बैठक में रीता देवी, गोपाल पाल, चुनमुन कुमार पांडेय, राकेश साह, प्रीति देवी, सुनील देवी, विनय सिंह, काशीनाथ सिंह, हीरालाल राम, मंजू देवी, नाजिया खातून, ज्ञांति देवी, शहजाद आलम समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे.

सामान्य बोर्ड की बैठक में शामिल मुख्य पार्षद,पार्षद व अन्य | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश कुमार पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >