Rohtas News : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से संचालित 'अभियान बसेरा-02' के तहत शनिवार को चेनारी अंचल कार्यालय में बंदोबस्ती पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. सरकार के पहले 100 दिन के 'सेवा, समर्पण और संकल्प' कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित इस समारोह में अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने 15 पात्र लाभुकों के बीच बंदोबस्ती पर्चा (सेटलमेंट सर्टिफिकेट) का वितरण किया.
15 अगस्त तक 30 हजार परिवारों को पर्चा देने का लक्ष्य. विशेष अभियान जारी
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के संयुक्त सचिव गिरधारी लाल के निर्देश पर पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है. विभाग ने 15 अगस्त 2026 तक 30 हजार पात्र परिवारों को पर्चा देने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसी क्रम में 25 जुलाई को बिहारभर में विशेष अभियान के तहत पांच हजार लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया.
पर्चा मिलते ही खिले लाभुकों के चेहरे. स्थायी आवास का सपना होगा पूरा
चेनारी अंचल में सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद रिता देवी, पुष्पा कुवर, कविता देवी, अनिता देवी, सरस्वती देवी, इन्द्रासनी देवी, नेहा कुमारी, संजु देवी, आशा कुवर, मीरा देवी, उषा देवी, प्रेमा देवी, आरती देवी, जयमाला देवी और संगिता कुवारी को बंदोबस्ती पर्चा सौंपा गया. लाभुकों ने कहा कि वर्षों से जमीन के अधिकार का इंतजार था, जो अब पूरा हुआ है. इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और स्थायी आवास बनाने में सुविधा मिलेगी.
कोई पात्र परिवार वंचित नहीं रहेगा. अंचलाधिकारी ने दोहराया सरकार का संकल्प
अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार भूमि के अधिकार से वंचित न रहे. अभियान के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लाभुकों का चयन कर उन्हें बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आगे भी पात्र परिवारों की पहचान कर सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ दिलाया जाएगा.
राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे. समारोह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और लाभुकों ने सरकार की इस पहल पर खुशी जताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया.
