Rohtas News: चेनारी-कुदरा और चेनारी-शिवसागर, मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर सड़क के दोनों किनारों पर तेजी से उगी झाड़ियां अब सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही हैं. कई स्थानों पर झाड़ियां इतनी घनी हो गई हैं कि मोड़ और कट के पास आने-जाने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित हो रही है. इससे सामने से आने वाले वाहन और राहगीर समय पर दिखाई नहीं पड़ते, जिसके कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
बरसात में बढ़ी परेशानी, कांवरियों की सुरक्षा पर भी चिंता.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में झाड़ियां तेजी से फैल गई हैं, लेकिन अब तक सड़क परिवहन विभाग या संबंधित एजेंसी की ओर से इनकी कटाई नहीं कराई गई है. हाईवे से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. सावन माह में गुप्ता धाम जाने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की बढ़ी आवाजाही से खतरा और बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता.
स्थानीय निवासी प्रिंस कुमार, अजय कुमार और रवि कुमार ने बताया कि कई बार बाइक सवार अचानक सामने से आने वाले वाहन को देखकर संतुलन खो बैठते हैं. उनका कहना है कि समय रहते झाड़ियों की सफाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है. वहीं मनु सिंह ने कहा कि सड़क किनारे की झाड़ियां मोड़ों पर पूरी तरह दृश्यता रोक देती हैं. विभाग को तत्काल इसकी सफाई करानी चाहिए.
नियमित रखरखाव की उठी मांग.
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के साथ उसकी नियमित देखरेख भी जरूरी है. समय-समय पर झाड़ियों की कटाई नहीं होने से सड़क की चौड़ाई भी कम प्रतीत होती है और वाहन चालकों को ओवरटेक करने में परेशानी होती है.
विभाग को भेजा जाएगा पत्र.
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग को पत्र भेजा जा रहा है. सड़क परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी कहा है कि हाईवे किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी. संवेदनशील स्थानों की पहचान कर जल्द कटाई का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.
