डेहरी शहर की समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों से बात करेगा चैंबर ऑफ कॉमर्स, विधायक से भी मिलेंगे

रोहतास चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शहर के विकास, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था की समस्याओं पर नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का फैसला किया है. शहर के विकास को मुख्य एजेंडा बनाकर इस बैठक में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा.

रोहतास जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक रविवार की देर शाम बाबा मार्केट में हुई. बैठक की अध्यक्षता चेंबर के अध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद ने की. बैठक में शहर के विकास, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और व्यवसायियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर के विकास को लेकर नगर परिषद के मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद समेत सभी 39 वार्ड पार्षदों के साथ एक बैठक आयोजित की जाये.

बैठक में तय किया गया कि उक्त बैठक के आयोजन के लिए स्थानीय विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी से आग्रह किया जायेगा. बैठक में शहर के विकास को एकमात्र एजेंडा रखते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई कराने का प्रयास किया जायेगा.

ये हैं मुख्य समस्याएं जिनपर ध्यान दिलाएंगे सदस्य

चेंबर के सदस्यों ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण को व्यवसायियों के लिए गंभीर समस्या बताया. विशेष रूप से स्टेशन रोड में स्टेशन जाने वाले मार्ग, कर्पूरी चौक, चुना भट्ठा मोड़, रामा रानी चौक आदि जगहों पर अवैध रूप से लगने वाले टेंपो तथा बस पड़ाव से आने-जाने वाले यात्रियों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया गया.

सदस्यों ने कहा कि यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से ग्राहकों को परेशानी होती है और इसका सीधा असर स्थानीय व्यवसाय पर पड़ रहा है. प्रशासन से इन समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की गयी.

क्या बोले चैंबर के अधिकारी

अध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद ने कहा कि शहर का समुचित विकास सामूहिक प्रयास से ही संभव है. नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराने के लिए चेंबर लगातार प्रयास करेगा.

कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सोनी ने कहा कि व्यवसायियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए संगठन का विस्तार जरूरी है. सचिव संतोष कुमार सिंह ने अधिक से अधिक व्यवसायियों को चेंबर से जोड़ने की अपील की.

उन्होंने कहा कि संख्या बल मजबूत होने पर व्यवसायियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से पदाधिकारियों के समक्ष रखा जा सकेगा.

ये लोग रहे मौजूद

बैठक में चेंबर के पदाधिकारी व सदस्य रमेश कश्यप, विजय कश्यप, दिनेश कुमार सोनी, मृत्युंजय कुमार, भगवान शर्मा, अशोक कुमार सोनी, अमित कश्यप, गौरी शंकर प्रसाद, काशीनाथ प्रसाद आदि उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मुकेश पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >