रोहतास गुप्ताधाम जा रहे श्रद्धालुओं से जबरन वसूली, विरोध पर मारपीट; 7 आरोपी गिरफ्तार

चेनारी में गुप्ताधाम जा रहे श्रद्धालुओं से चचरी पुल पर जबरन वसूली और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Rohtas News : गुप्ताधाम जाने वाले श्रद्धालुओं से कथित रूप से जबरन पैसे की वसूली और विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में चेनारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सुगवा नदी की चचरी पुल के समीप श्रद्धालुओं से पैसे मांगने और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की कार्रवाई के बाद श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है.

चचरी पुल के पास श्रद्धालुओं से मांगे जा रहे थे पैसे

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सूचना मिली कि सुगवा नदी की चचरी पुल के पास कुछ लोगों द्वारा गुप्ताधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान श्रद्धालुओं से जबरन राशि मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर मारपीट किए जाने की बात सामने आयी.

नदी पैदल पार करने के बावजूद मांगे पैसे

बताया जाता है कि सुगवा नदी पर कुछ लोगों द्वारा लकड़ी का चचरी पुल बनाया गया था. बारिश के दिनों में नदी में पानी बढ़ने पर श्रद्धालु इसी पुल के सहारे नदी पार कर गुप्ताधाम की ओर जाते हैं. घटना के समय नदी में पर्याप्त पानी नहीं था. इस कारण श्रद्धालु चचरी पुल का इस्तेमाल किए बिना पैदल ही नदी पार कर रहे थे.

आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने श्रद्धालुओं से पैसे की मांग शुरू कर दी. श्रद्धालुओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने कथित रूप से कहा कि नदी पैदल पार करने के बावजूद उन्हें राशि देनी होगी. पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट शुरू कर दी गयी.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया. सूचना पुलिस तक पहुंचते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है.

सात आरोपित गिरफ्तार, न्यायालय भेजने की तैयारी

पुअनि सह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि मामले में चेनारी थाना कांड संख्या 302/26 दर्ज किया गया है. मामले में नामजद सभी आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में जोगिया गांव निवासी श्री भगवान प्रसाद, रामधनी बिन्द, दीपक प्रसाद, धनंजय कुमार और संदीप प्रसाद तथा बिलासपुर गांव निवासी मिथिलेश बिन्द और संजय कुमार शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

सावन में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु

गुप्ताधाम में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिये पहुंचते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं से जबरन वसूली और विरोध करने पर मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि आस्था की राह पर निकलने वाले श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की जबरन वसूली या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए. पुलिस की कार्रवाई से श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है.

Also Read : PHOTOS: सासाराम के बाबा दूजेश्वर नाथ धाम की अनसुनी कहानी, 14 फीट का शिवलिंग, शिव परिवार और साल में एक बार खुलता है गर्भगृह



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >