बिक्रमगंज के रेस्टोरेंटों में अचानक छापेमारी, फ्रीजर में साथ मिले वेज-नॉनवेज; एक्सपायरी दूध-पनीर भी मिला

बिक्रमगंज में एसडीएम की छापेमारी से रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप। फ्रीजर में शाकाहारी-मांसाहारी भोजन एक साथ मिलने पर अधिकारियों ने जताई कड़ी नाराजगी।

Rohtas News : शहर के रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार ने खाद्य सुरक्षा निरीक्षक के साथ कई प्रतिष्ठानों में अचानक छापेमारी की. अधिकारियों की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव, पैकेजिंग और साफ-सफाई की बारीकी से जांच की. अचानक हुई कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में अफरातफरी की स्थिति बनी रही.

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की हुई जांच

जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में रखे खाद्य पदार्थों की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान जिन सामग्रियों को संदिग्ध या आपत्तिजनक पाया गया, उनके सैंपल लिये गये. सभी सैंपलों को जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है. अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के बाद संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी. रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.

फ्रीजर में साथ मिले वेज-नॉनवेज

छापेमारी के दौरान कई रेस्टोरेंटों के फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले. अधिकारियों ने इसे खाद्य स्वच्छता के मानकों के विपरीत बताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिये. संचालकों को खाद्य पदार्थों को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुसार अलग-अलग रखने की हिदायत दी गयी.

एक्सपायरी दूध और खराब पनीर देख नाराजगी

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी दूध, घटिया गुणवत्ता का पनीर और खाद्य सामग्री के खराब रख-रखाव की स्थिति भी सामने आयी. कई जगहों पर गंदगी और अस्वच्छ वातावरण को लेकर अधिकारियों ने संचालकों को कड़ी फटकार लगायी. टीम ने साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण में निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया.

खाद्य गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं

एसडीएम दिलीप कुमार ने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने कहा कि ग्राहकों के स्वास्थ्य से जुड़ी लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा.

अगली जांच में मिली गड़बड़ी तो होगी कार्रवाई

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बुधवार की कार्रवाई को केवल एक अभियान समझकर राहत की सांस लेने की जरूरत नहीं है. यह जांच अंतिम नहीं है. खाद्य प्रतिष्ठानों की आगे भी लगातार जांच की जाएगी. अचानक होने वाली अगली कार्रवाई में दोबारा लापरवाही मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

जेनरल स्टोरों में भी हुई जांच

खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के जेनरल स्टोरों का भी निरीक्षण किया. यहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और रख-रखाव की जांच की गयी. दुकानदारों को खाद्य उत्पादों की एक्सपायरी डेट नियमित रूप से जांचने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये.

अधिकारियों की इस कार्रवाई के बाद बिक्रमगंज शहर के रेस्टोरेंट और खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही. वहीं, जांच के लिए भेजे गये सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की तस्वीर साफ होगी.

रेस्टोरेंट का लाइसेंस जांच करते अधिकारी और एक्सपायरी दूध की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
रेस्टोरेंट का लाइसेंस जांच करते अधिकारी और एक्सपायरी दूध की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
रेस्टोरेंट का लाइसेंस जांच करते अधिकारी और एक्सपायरी दूध की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष चंद्रकांत

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >