Rohtas News: नगर परिषद के सशक्त बोर्ड की बैठक शनिवार को सभापति मनोरंजन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए. बैठक में नगर के सभी 27 वार्डों में ओपन जिम, चिल्ड्रेन पार्क और स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया गया.
वार्डों में स्थल चयन के बाद शुरू होगा निर्माण
बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक वार्ड से उपयुक्त स्थल का चयन कर नगर प्रबंधन को उपलब्ध कराया जाएगा. संबंधित भूमि के लिए अंचलाधिकारी (सीओ) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
सब्जी मंडी और ऑटो स्टैंड का होगा विकास
सदन में नगर की सब्जी मंडी में पेवर ब्लॉक लगाने तथा बस स्टैंड के समीप ऑटो स्टैंड के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई. इसके अलावा पटना हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में पूर्व में हटाए गए सफाई एनजीओ को पुनः बहाल करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया.
अधूरी योजनाओं पर पार्षदों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान पहले से स्वीकृत योजनाओं के समय पर पूरा नहीं होने को लेकर कई पार्षदों ने नाराजगी जताई. इस मुद्दे पर सदन में हंगामा और लंबी बहस भी हुई.
अतिक्रमण अभियान पर विधायक ने उठाए सवाल
बैठक में आमंत्रित काराकाट विधायक अरुण सिंह ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए गरीबों को उजाड़ना उचित नहीं है. उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व एसडीएम उपेंद्र पाल की योजना के अनुसार सब्जी मंडी का व्यवस्थित विकास किया जाए.
विधायक ने यह भी प्रस्ताव रखा कि तेंदुनी चौक के बीच से गुजर रही वितरणी को पाटकर वहां दुकानें बनाकर फुटपाथी दुकानदारों का पुनर्वास किया जा सकता है. उनके इस सुझाव का अधिकांश पार्षदों ने तालियां बजाकर स्वागत किया. उन्होंने कहा कि गरीबों को हटाने से पहले उन्हें बसाने की नीति अपनाई जानी चाहिए.
बैठक में उपसभापति अमृता सिंह, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य परविंदर सिंह उर्फ मिंटू सिंह, जसीम खां उर्फ डब्लू खान, रामझारों देवी, सभी 27 वार्डों के पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी कोमल कुमारी तथा नगर प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
