Rohtas News : छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और सहज शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल की गयी. जिला सहित राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में ‘बिहार विद्या साथी’ नामक 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता शिक्षा विभाग के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रोहतास के अधिकारी व छात्र
रोहतास से जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा रजनीश उपाध्याय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा जय कुमार सहित शेरशाह सूरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े. शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी.
कक्षा 9 से 12 के छात्रों को मिलेगा लाभ
डीएम ने बताया कि ‘बिहार विद्या साथी’ को विशेष रूप से कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसके माध्यम से छात्रों को पढ़ाई के दौरान आवश्यक सहायता मिल सकेगी. प्लेटफॉर्म सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, व्यक्तिगत और तकनीक आधारित बनाने में मदद करेगा.
24×7 विषय विशेषज्ञों से ले सकेंगे मदद
प्लेटफॉर्म की खासियत यह है कि छात्रों को 24 घंटे और सातों दिन निःशुल्क विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से पढ़ाई संबंधी सहायता लेने की सुविधा मिलेगी. छात्र अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक से अध्ययन में सहयोग ले सकेंगे. पढ़ाई के दौरान किसी पाठ या विषय से जुड़ी समस्या और शंका का समाधान भी तत्काल प्राप्त किया जा सकेगा.
ऑनलाइन पढ़ाई के साथ एआइ की भी मदद
डीएम ने बताया कि प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा भी उपलब्ध होगी. डिजिटल माध्यम से छात्रों के लिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाया जाएगा. इसमें एआइ आधारित शैक्षणिक सहायता भी उपलब्ध होगी. एआइ टूल्स के माध्यम से छात्रों को कठिन विषयों और अवधारणाओं को आसानी से समझने में मदद मिलेगी.
हर छात्र की जरूरत के अनुसार 1:1 लर्निंग
‘बिहार विद्या साथी’ की प्रमुख विशेषता इंटरैक्टिव 1:1 लर्निंग है. इसके तहत छात्र की व्यक्तिगत सीखने की जरूरत के अनुसार संवादात्मक और लक्षित शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. इससे छात्र अपनी समस्या के अनुरूप सहायता ले सकेंगे और अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकेंगे.
रोहतास के छात्रों को मिलेगा सीधा शैक्षणिक सहयोग
जिलाधिकारी ने कहा कि रोहतास में इस पहल से छात्रों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे शैक्षणिक सहयोग लेने, अपनी शंकाओं का समाधान कराने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई को आसान बनाने में मदद मिलेगी. यह प्लेटफॉर्म छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और तकनीकी सहायता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा.
