रोहतास में बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ की बैठक, जिला इकाई का गठन संपन्न; आनंद तिवारी बने जिलाध्यक्ष

सासाराम में बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ की बैठक आयोजित हुई, जिसमें रोहतास जिला इकाई का गठन किया गया और शिक्षकों के हक की लड़ाई पर चर्चा हुई।

Sasaram Bihar Teachers Federation : रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित एक निजी हॉल में बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए. इसका मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जिला इकाई का गठन करना था.

कार्यक्रम के दौरान लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें कई अहम पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया.

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव और प्रदेश संगठन मंत्री कमल कुमार राय उपस्थित रहे. दोनों नेताओं ने शिक्षकों को एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष करने का संदेश दिया.

Sasaram News : लोकतांत्रिक तरीके से हुआ संगठन का चुनाव

कार्यक्रम के दौरान जिला इकाई के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से कराई गई. इसमें हाई स्कूल बिलारी, करगहर के शिक्षक आनंद तिवारी को जिलाध्यक्ष चुना गया. वहीं स्वामी शिवानंद उच्च विद्यालय करहंसी, दिनारा के सत्य नारायण को कार्यकारी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई.

इसके अलावा राज नारायण ठाकुर को जिला महासचिव, मंजय लाल को कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया. संगठन के शुरुआती सदस्यों में शामिल रवि कुमार को संगठन मंत्री बनाया गया. वरीय शिक्षक डॉ. जावेद अख्तर अली को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई.

Rohtas News : मीडिया और सोशल मीडिया टीम का भी गठन

संगठन को मजबूत बनाने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया टीम का भी गठन किया गया. जितेन्द्र कुमार को मीडिया प्रभारी और कृष्णा चंद्र पांडे को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया. वहीं नोखा के देवेंद्र नाथ तिवारी को जिला प्रवक्ता के रूप में निर्विरोध चुना गया.

इस दौरान कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से राज नारायण ठाकुर और सत्य नारायण सिंह ने किया, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई.

Education News : शिक्षकों के हक और सम्मान की लड़ाई पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री कमल कुमार राय ने कहा कि महासंघ का विस्तार बिहार के हर जिले और ब्लॉक स्तर तक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस अभियान में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है, ताकि संगठन मजबूत हो सके.

वहीं प्रदेश अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय अध्यापकों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को प्रदेश स्तर पर मजबूती से लड़ा जा रहा है. उन्होंने बताया कि वेतनमान से जुड़ी मांगों को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर संगठन लगातार नजर बनाए हुए है.

भ्रष्टाचार पर सख्ती और व्यवस्था सुधार का संकल्प

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष आनंद तिवारी ने अपने संबोधन में जिला शिक्षा कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कही. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की सेवा पुस्तिका कैंप मोड में खोलने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.

बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया. इस आयोजन के जरिए रोहतास में शिक्षक संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Punit Kr Pandey

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >