Sasaram News : बिहार सरकार पर नियोजित शिक्षकों के हितों को लेकर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए नियोजित शिक्षक स्वाभिमान समूह ने आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया है. रविवार को करगहर स्थित एक निजी लॉज में प्रखंड के नियोजित शिक्षकों की बैठक हुई. बैठक को संबोधित करते हुए समूह के जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार पांडेय ने कहा कि बिहार सरकार अपने द्वारा बनाई गई नियोजित शिक्षक नियमावली 2020 को लागू करने में आनाकानी कर रही है.
कालबद्ध और स्नातक प्रोन्नति समेत अन्य लाभ की मांग
मुन्ना कुमार पांडेय ने कहा कि नियमावली 2020 के तहत कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक प्रोन्नति, प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति समेत अन्य लाभ शिक्षकों को मिलना चाहिए. उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि सरकार अपने ही बनाए नियमावली को लागू नहीं कर पा रही है.
मांगों के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी नियोजित शिक्षकों को अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है. उन्होंने शिक्षकों से संगठन को मजबूत करने और अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया.
20 सितंबर को पटना में राज्य कार्यकारिणी का गठन
उन्होंने कहा कि 20 सितंबर को पटना में संगठन की राज्य कार्यकारिणी का गठन होने जा रहा है. इसमें करगहर प्रखंड की अच्छी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई.
सत्येंद्र पासवान बने प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष
बैठक से पहले सत्येंद्र पासवान को सर्वसम्मति से नियोजित शिक्षक स्वाभिमान समूह का प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया. इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और शिक्षकों की मांगों को लेकर भी चर्चा की गई.
Also Read : सासाराम में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से डिलीवरी बॉय की मौत, दो मासूम बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया
इन लोगों ने बैठक को किया संबोधित
कार्यक्रम को जिला से पहुंचे विजेंद्र सिंह, राकेश रंजन, जिला सचिव सुनील कुमार राय, कोचस प्रखंड अध्यक्ष टुनटुन पासवान और प्रखंड सचिव श्रीभगवान सिंह समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया. बैठक की अध्यक्षता तेजनारायण पासवान ने की, जबकि संचालन अनुमंडल सचिव जयप्रकाश दूबे ने किया.
Also Read : सासाराम में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव, दहेज के लिए हत्या का आरोप
कई शिक्षक रहे मौजूद
मौके पर संजय तिवारी, अर्चना कुमारी, पुष्पांजलि कुमारी, ओमप्रकाश, प्रमोद कुमार सिंह, लाल बहादुर राय, दिलीप कुशवाहा, औरंगजेब अंसारी समेत बड़ी संख्या में नियोजित शिक्षक मौजूद रहे.
Also Read : सासाराम में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से डिलीवरी बॉय की मौत, दो मासूम बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया
