रोहतास में बारिश भी नहीं रोक सकी देशभक्ति की लहर, बिक्रमगंज में सड़कों पर निकली तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस से पहले बिक्रमगंज के विभिन्न गांवों में पैक्सों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

Rohtas News : स्वतंत्रता दिवस से एक सप्ताह पहले रविवार को बिक्रमगंज प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगाया गया. खैरभुधार पैक्स की ओर से पंचायत के गांवों की गलियों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. बारिश के बावजूद सैकड़ों बाइक सवार युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ. हाथों में तिरंगा लेकर निकले युवाओं के ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया.

फीता काटकर शुरू हुई तिरंगा यात्रा

खैरभुधार पैक्स की तिरंगा यात्रा की विधिवत शुरुआत प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अखिलेश्वर कुमार ने फीता काटकर की. इसके बाद पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों बाइक सवार युवा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए.

यात्रा का उद्देश्य घर-घर और गांव-गांव तिरंगे की महत्ता को स्थापित करना और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना था.

बारिश के बीच भी युवाओं में दिखा जोश

तिरंगा यात्रा के दौरान बारिश होती रही, लेकिन युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आयी. यात्रा मैधारा पैक्स गोदाम से शुरू होकर पंचायत के विभिन्न गांवों और प्रमुख मार्गों से गुजरी. युवाओं के जोशीले नारों और हाथों में लहराते तिरंगे से रास्ते देशभक्ति के रंग में नजर आये.

यात्रा निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए वापस पैक्स गोदाम पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह तिरंगा यात्रा का स्वागत किया.

मोरौना पंचायत में भी निकली तिरंगा यात्रा

इधर, प्रखंड की मोरौना पंचायत में भी पैक्स अध्यक्ष कामता सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गयी. कस्तर पैक्स गोदाम से शुरू हुई यात्रा पंचायत के सभी गांवों का भ्रमण करते हुए बिक्रमगंज के तेंदुनी चौक पहुंची.

इसके बाद यात्रा वापस कस्तर पैक्स गोदाम पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.

गांवों में दिखा देशभक्ति का माहौल

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले निकाली गयी इन तिरंगा यात्राओं से ग्रामीण क्षेत्रों में देशभक्ति का माहौल बन गया है. गांवों की गलियों में लहराते तिरंगे और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष ने लोगों को आजादी के लिए दिये गये बलिदानों की याद दिलायी.

आयोजकों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के सम्मान को बनाए रखने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh chandrakan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >