Rohtas News : रोहतास जिले के बिक्रमगंज नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत के महज एक दिन बाद ही इसकी रफ्तार थमती नजर आई. पहले दिन सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाने के बाद गुरुवार को नगर में कहीं भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं दिखी, जिससे लोगों के बीच अभियान को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
पहले दिन हुई थी कार्रवाई
बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के निर्देश पर तेंदूनी चौक से थाना चौक तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया था. कार्रवाई से पहले प्रशासन ने दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया था. साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील भी की गई थी.
दूसरे दिन नहीं दिखी प्रशासनिक टीम
गुरुवार को नगर में न तो अतिक्रमण हटाने वाली टीम नजर आई और न ही किसी तरह की कार्रवाई हुई. इससे आम लोगों और फुटपाथी दुकानदारों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि अभियान अचानक क्यों रुक गया.
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अभियान को लगातार नहीं चलाना था तो इसकी शुरुआत इतने प्रचार-प्रसार के साथ क्यों की गई. उनका मानना है कि बीच में कार्रवाई रुकने से अतिक्रमण करने वालों का मनोबल बढ़ता है और अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं.
एसडीएम ने दी सफाई
इस संबंध में पूछे जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान समाप्त नहीं हुआ है. यह अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा और नगर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित कार्रवाई की जाएगी.
अब अगली कार्रवाई का इंतजार
फिलहाल अभियान के दूसरे ही दिन कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि अभियान दोबारा कब शुरू होगा और क्या इसे लगातार चलाकर नगर को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सकेगा.
