रोहतास में बच्चों को स्कूल में पढ़ाया गया लोकतंत्र का पाठ, बैलेट पेपर से हुआ स्टूडेंट काउंसिल चुनाव

रोहतास में एक स्कूल में छात्र परिषद चुनाव लोकतंत्र के उत्सव के रूप में आयोजित किया गया. बैलेट पेपर से हुए इस चुनाव ने छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव कराया. चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी रही.

Rohtas News : रोहतास में स्कूल में बुधवार को स्टूडेंट काउंसिल चुनाव लोकतंत्र के उत्सव के रूप में संपन्न हुआ. चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी रही. कक्षा आठ से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने मतदाता बनकर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त किया.

बैलेट पेपर से कराया गया मतदान

स्कूल के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया गया. मतदान शुरू होने से पहले शिक्षक निर्जेश कुमार मिश्रा ने छात्रों को नामांकन, चुनाव प्रचार, मतदान प्रक्रिया, बैलेट पेपर के सही उपयोग, गोपनीय मतदान, मतदाता के अधिकार और निष्पक्ष चुनाव के महत्व की विस्तृत जानकारी दी.

वास्तविक चुनाव जैसा मिला अनुभव

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार छात्र-छात्राएं कतारबद्ध होकर मतदान केंद्र पहुंचे. मतदाता पहचान-पत्र की जांच के बाद ही मतदान की अनुमति दी गई. मतदान के बाद प्रत्येक मतदाता की उंगली पर अमिट स्याही लगाई गई. पूरे चुनाव के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे छात्रों को वास्तविक चुनाव जैसा अनुभव मिला.

छात्रों ने बताया प्रेरणादायक अनुभव

पहली बार मतदान करने वाले कक्षा आठ के छात्रों ने इसे रोमांचक और प्रेरणादायक अनुभव बताया. वहीं कक्षा नौ के छात्रों ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि सही प्रतिनिधि चुनने की जिम्मेदारी भी है. कक्षा 10 के विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां नेतृत्व क्षमता, निष्पक्षता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करती हैं.

स्वतंत्रता दिवस पर दिलाई जाएगी शपथ

स्कूल की निदेशिका ने बताया कि कक्षा नौ के निर्वाचित प्रतिनिधियों के आधार पर हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, हाउस कैप्टन और वाइस कैप्टन का चयन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि छात्र परिषद छात्रों में नेतृत्व, अनुशासन, सेवा-भाव और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी मंच है. चयनित छात्र परिषद के सदस्यों को आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी.

लोकतांत्रिक मूल्यों की मिली व्यवहारिक शिक्षा

स्कूल के निदेशक ने कहा कि छात्र परिषद चुनाव छात्रों को लोकतंत्र, समानता, उत्तरदायित्व और नेतृत्व की व्यवहारिक शिक्षा देने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने विश्वास जताया कि नव-निर्वाचित छात्र परिषद स्कूल में अनुशासन, स्वच्छता, प्रार्थना सभा, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन में रोहन कुमार, अभिषेक कुमार, पंचम पांडेय, रेखा आहूजा, छाया श्रीवास्तव, अभिलाषा गौतम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >