Rohtas News : रोहतास जिले के दावथ प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की अभियान बसेरा-2 योजना के तहत वासभूमि पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान स्थानीय विधायक आलोक कुमार सिंह ने भूमिहीन, गरीब, दलित एवं वंचित परिवारों को वासभूमि के पर्चे सौंपे और उन्हें स्थायी आवास की दिशा में बड़ी सौगात दी.
25 परिवारों को मिला वासभूमि का अधिकार
कार्यक्रम में जमसोना पंचायत के 15 तथा सेमरी पंचायत के 10 परिवारों सहित कुल 25 लाभार्थियों को भूमि बंदोबस्ती की रसीद प्रदान की गई. लाभार्थियों ने वर्षों बाद अपने नाम पर भूमि का अधिकार मिलने पर खुशी जताई.
गरीबों के लिए वरदान बनी बसेरा-2 योजना
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि अभियान बसेरा-2 समाज के अंतिम पायदान पर खड़े भूमिहीन परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इस योजना से गरीब परिवारों को स्थायी आवास, सामाजिक सुरक्षा और स्वामित्व का अधिकार मिल रहा है.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में बिक्रमगंज अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, डीसीएलआर संतोष कुमार, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया और लाभार्थियों को सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया.
