कंप्यूटर शिक्षक से पढ़वा रहे थे संस्कृत, बीइओ ने हेडमास्टर को लगायी कड़ी फटकार
घोरडीहा उच्च विद्यालय में अव्यवस्था का अंबार, बीइओ की जांच में खुली एचएम की पोल
भीषण गर्मी में बिना पंखे के पढ़ रहे छात्र, 24 हजार की निकासी पर बीइओ ने मांगा वाउचर
बिजली-पानी और कुर्सी-टेबल की समस्या से जूझ रहे शिक्षक, अव्यवस्था की रिपोर्ट डीइओ को भेजी जायेगी
फोटो-9-उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय घोरडिहा.प्रतिनिधि, नोखा
प्रखंड की छतौना पंचायत स्थित घोरडीहा उच्च विद्यालय में बदहाल व्यवस्था व हेडमास्टर की मनमानी से व्याप्त अव्यवस्था की शिकायत पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय के निर्देश पर बीइओ सुमन कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को विद्यालय की जांच की. विद्यालय में मूलभूत समस्या बिजली, पानी आदि की समुचित व्यवस्था शैक्षणिक भवन में नहीं होने सहित हेडमास्टर के मनमाने रवैया से नाराज शिक्षकों व छात्रों ने विद्यालय में अव्यवस्था से बीइओ को अवगत कराया. भीषण गर्मी में भी छात्रों के क्लास रूम में पंखा नहीं होने व कई दिनों से टूटे तार का समुचित प्रबंध नहीं करने के कारण पानी की समस्या से परेशान छात्र व शिक्षक ने व्यवस्था बहाल करने की मांग की.
24 हजार की निकासी और वरीयता सूची पर सवाल
शिक्षकों ने बीइओ को बताया कि वे काफी दिनों से एचएम से इसकी व्यवस्था की मांग करते आ रहे हैं, परंतु एचएम द्वारा इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा. बीइओ ने बिना बैठक 24 हजार की निकासी को लेकर भी प्रधानाध्यापक राहुल कुमार से पूछताछ की व वाउचर की मांग की. साथ ही जल्द ही विद्यालय में पानी-बिजली की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. विद्यालय में साफ-सफाई पर भी बीइओ ने नाराजगी जाहिर की. वहीं, वरीयता निर्धारण में गलत तरीके से निर्धारण को लेकर भी बीइओ ने एचएम से जवाब मांगा और शिक्षकों की पदस्थापना विवरणी जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
कंप्यूटर शिक्षक से पढ़वा रहे थे संस्कृत
जांच के दौरान कंप्यूटर शिक्षक सुशील कुमार ने बीइओ को बताया कि वे कंप्यूटर शिक्षक हैं, पर प्रधानाध्यापक उनसे बच्चों को कंप्यूटर पढ़ाने की बजाय संस्कृत पढ़ाने को कहते हैं. इस पर बीइओ ने हेडमास्टर को तत्काल कंप्यूटर शिक्षक से कंप्यूटर या इससे जुड़े विषय ही पढ़ाने का निर्देश दिया. शिक्षकों ने बिजली-पानी के अलावा स्टाफ रूम में टेबल व कुर्सी की समस्या से भी पदाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर बीईओ ने हेडमास्टर को एसएमडीसी का गठन कर शीघ्र व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया.
क्या कहते हैं अधिकारी
बीइओ सुमन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर घोरडीहा उच्च विद्यालय की जांच की गयी है. विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. 24 हजार खर्च का वाउचर व वरीयता निर्धारण के मद्देनजर पदस्थापना विवरणी मांगी गयी है. वहीं पानी, बिजली, क्लास रूम में पंखा और स्टाफ रूम में कुर्सी-टेबल आदि की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है. इस बारे में हेडमास्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जिसकी रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजी जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.