सासाराम: VKSU की क्रेडिट इंटर्नशिप से छात्रों को मिलेगा करियर बूस्ट, धारूपुर कॉलेज में हुई जागरूकता कार्यशाला

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू), आरा ने 4 क्रेडिट इंटर्नशिप कार्यक्रम पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की. यह कार्यक्रम छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के माध्यम से बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करेगा.

VKSU Four Credit Internship : सासाराम रोजगार के बढ़ते प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव और कौशल भी सफलता की अहम शर्त बनते जा रहे हैं. इसी उद्देश्य से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू), आरा के तत्वावधान में शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह महाविद्यालय, धारूपुर में चार क्रेडिट इंटर्नशिप कार्यक्रम पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप के महत्व, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई.

Rohtas News : इंटर्नशिप की पूरी प्रक्रिया से कराया गया अवगत

कार्यशाला का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने किया, जबकि संचालन प्रो. बीर बहादुर सिंह ने किया. कैंपस कंपैनियन के प्रतिनिधि किशन श्रीवास्तव, रिंकू सिन्हा और सुनीता ने छात्रों को चार क्रेडिट इंटर्नशिप की पूरी प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण, प्रशिक्षण, प्रोजेक्ट, मूल्यांकन, प्रमाण-पत्र और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी. साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया.

नई शिक्षा नीति में इंटर्नशिप की अहम भूमिका

प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत इंटर्नशिप विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करती है. इससे छात्रों के कौशल का विकास होता है और रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं. उन्होंने सेमेस्टर-5 के सभी विद्यार्थियों से समय पर इंटर्नशिप के लिए पंजीकरण कराने की अपील की.

करियर निर्माण में मिलेगी मदद

प्रशिक्षकों ने बताया कि चार क्रेडिट इंटर्नशिप कार्यक्रम छात्रों को उद्योग जगत और कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है. इससे उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा, जो भविष्य में करियर निर्माण और रोजगार हासिल करने में काफी सहायक साबित होगा.

कार्यक्रम में शिक्षक प्रतिनिधि एवं सीनेट सदस्य डॉ. मनीष रंजन ने विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी. इस दौरान प्रो. अनिल कुमार सिंह, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. अजय सिंह, प्रो. बलवंत सिंह, प्रो. कुमार विवेक, प्रो. सुनील कुमार तिवारी, प्रो. शशि भूषण प्रसाद, प्रो. रंजीत चौधरी, प्रो. प्रियतम कुमार, अभय कुमार, मंटू चौधरी, रोहित तिवारी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >