रोहतास: 13 अगस्त तक जारी करने होंगे 29,586 नए राशन कार्ड, मुख्य सचिव ने तय किया बड़ा लक्ष्य

बिहार के मुख्य सचिव ने रोहतास जिले को 13 अगस्त 2026 तक 29,586 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य दिया है. टीबी मुक्त भारत और पीएम सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की गई.

Rohtas New Ration Card Target : बिहार के मुख्य सचिव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में रोहतास जिले को 13 अगस्त 2026 तक 29,586 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य दिया गया. साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई.

Rohtas News : 13 अगस्त तक 29,586 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य

सासाराम कलेक्ट्रेट में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीएम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए. समीक्षा के दौरान बताया गया कि बिहार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत 11.04 लाख नए राशन कार्ड जारी किए जाने हैं. इसमें रोहतास जिले को 13 अगस्त 2026 तक 29,586 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य मिला है. लक्ष्य पूरा करने के लिए जिले को प्रतिदिन औसतन 980 राशन कार्ड जारी करने होंगे.

पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे राशन कार्ड

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों तक समय पर राशन कार्ड पहुंचाना सुनिश्चित करें. खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हो और लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन किया जाए.

टीबी मुक्त भारत अभियान की भी हुई समीक्षा

बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति का भी आकलन किया गया. मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अभियान के लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. मरीजों की पहचान, उपचार और नियमित निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया.

पीएम सूर्य घर योजना में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए नवंबर तक निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई. मुख्य सचिव ने सभी जिलों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >