Sasaram News:(सुजीत कुमार) रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड क्षेत्र में हुई हल्की बारिश ने एनएचएआई के निर्माण कार्य की हकीकत सामने ला दी. ब्रिज चालू हुए लगभग तीन महीने बीत जाने के बावजूद सर्विस लेन की स्थिति बेहद जर्जर बनी हुई है. बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया, जिससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी हुई.
गड्ढों और कीचड़ ने बढ़ाई मुश्किलें
स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस लेन में बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो बारिश के पानी से भर जाने के कारण दिखाई नहीं दे रहे थे। इससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई बाइक सवार जलभराव में असंतुलित भी होते नजर आए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही. ग्रामीणों का कहना है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता ह.
अधूरा नाला बना जलजमाव की बड़ी वजह
ग्रामीणों और दुकानदारों ने बताया कि सड़क किनारे नाले का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है. जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है. कई जगहों पर कीचड़ फैल जाने से पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
व्यापार पर भी पड़ा असर
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव और कीचड़ के कारण ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है. इससे उनके व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
लोगों ने लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ब्रिज और मुख्य हाईवे निर्माण पर तो विशेष ध्यान दिया गया, लेकिन सर्विस लेन को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है. अधूरा नाला और टूट चुकी सड़क लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और खराब होने की आशंका जताई जा रही है. शिवसागर की यह स्थिति निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है. हल्की बारिश में ही जलजमाव और सड़क की बदहाली ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है.
Also Read: आरा हॉस्पिटल कांड: महिला की मौत के बाद अस्पताल में छापेमारी, गांजा-कारतूस मिलने पर सील
