जलालपुर. मामा के घर आये एक युवक की पोखरा में डूबने से मौत हो गयी. मृतक जनता बाजार थाना क्षेत्र के बनपुरा गांव निवासी ललन ठाकुर का 24 वर्षीय पुत्र मंटू कुमार बताया जाता है. जानकारी के अनुसार युवक जलालपुर थाना क्षेत्र के पतीला गांव अपने मामा के घर आया हुआ था. शुक्रवार की शाम को शौच के लिए घर से निकला था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पोखरा में गिर पड़ा. उधर काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी. बाद में ग्रामीण की मदद से पोखरा में खोजबीन की गयी है. परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. उधर घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मामा के घर आये इस युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
