JPU Exam: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU), छपरा का परीक्षा विभाग सितंबर के अंतिम सप्ताह में स्नातक स्तर की दो महत्वपूर्ण सत्रों की परीक्षाओं के आयोजन की अंतिम तैयारियों में जुट गया है. विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि स्नातक फिफ्थ सेमेस्टर (सत्र 2023-27) तथा स्नातक सेकंड सेमेस्टर (सत्र 2025-29) की परीक्षाएं निर्धारित समय पर ली जाएंगी. दोनों परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और सभी अंगीभूत व संबद्ध महाविद्यालयों के सूचना पट्ट पर जारी कर दिया गया है.
परीक्षा शुरू होने से पहले आएगा एडमिट कार्ड
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा, "दोनों सत्रों की परीक्षाएं कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जल्द ही परीक्षा मंडल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सख्त दिशा-निर्देश तय होंगे. परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड परीक्षा प्रारंभ होने से तीन से चार दिन पहले जारी कर दिए जाएंगे. इसके अलावा, छात्र-छात्राओं को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए समय-सारणी भेजी जा रही है और नियमित कक्षा उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं."
फिफ्थ सेमेस्टर का पूरा परीक्षा शेड्यूल (22-26 सितंबर)
स्नातक सत्र 2023-27 फिफ्थ सेमेस्टर की परीक्षा 22 से 26 सितंबर तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 1:30 से शाम 4:30 बजे तक संचालित की जाएगी. विषयों को दो समूहों में विभाजित किया गया है:
- ग्रुप ए: भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, बॉटनी, जूलॉजी, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान एवं वाणिज्य.
- ग्रुप बी: इतिहास, अर्थशास्त्र, भूगोल, हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, गृह विज्ञान, समाजशास्त्र, संस्कृत, संगीत, भोजपुरी, एलएसडब्ल्यू, ग्रामीण अर्थशास्त्र, एआईएच एंड सी तथा पर्शियन.
सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा 28 सितंबर से 6 अक्टूबर
स्नातक सत्र 2025-29 सेकंड सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 सितंबर से शुरू होकर 6 अक्टूबर तक चलेंगी. इस परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:00 से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:00 से शाम 4:00 बजे तक होगी. इसके तहत मेजर कोर्स, माइनर कोर्स और मल्टी-डिसिप्लिनरी कोर्स के प्रश्न-पत्र आयोजित किए जाएंगे. विषयों को ग्रुप ए (साइंस, कॉमर्स, राजनीति विज्ञान आदि) और ग्रुप बी (आर्ट्स के प्रमुख विषय व भाषाएं) में बांटकर परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी.
