JPU Admission: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक चार वर्षीय सीबीसीएस (CBCS) सत्र 2026-30 में नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशानुसार, जिन छात्र-छात्राओं ने हाल ही में 'स्पॉट एडमिशन' के तहत अपना दाखिला कराया है, उनका विधिवत वर्ग संचालन आगामी 1 सितंबर से शुरू कर दिया जाएगा. नामांकन के समय ही छात्रों को क्लास का शेड्यूल और रूटीन उपलब्ध करा दिया गया था. साथ ही विभागवार बनाए गए आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में भी सभी नवनामांकित विद्यार्थियों को जोड़ दिया गया है, ताकि उन्हें समय-समय पर जरूरी अपडेट मिलते रहें.
तीसरी मेधा सूची (Third Merit List) और स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया के बीच 20 दिन से अधिक का अंतराल रहा है. ऐसे में देर से नामांकन लेने वाले छात्रों का पाठ्यक्रम (सिलेबस) निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराना एक बड़ी चुनौती है. इसे देखते हुए छात्र कल्याण विभाग ने सभी कॉलेजों को अतिरिक्त कक्षाएं (Extra Classes) चलाकर कोर्स को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया है. कई कॉलेजों में नियमित कक्षाओं के बाद 45 से 50 मिनट की एक्स्ट्रा क्लास शुरू भी कर दी गई है.
प्रतिदिन विश्वविद्यालय स्तर पर होगी मॉनिटरिंग: DSW
छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) प्रो. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि सभी कॉलेजों में स्नातक के नए सत्र की कक्षाएं तय शेड्यूल के अनुसार संचालित हो रही हैं. कक्षाओं की दैनिक मॉनिटरिंग विश्वविद्यालय स्तर से की जा रही है. उन्होंने बताया कि स्पॉट एडमिशन वाले छात्रों को कॉलेज पहुंचते ही सबसे पहले नए सत्र के बदले हुए सिलेबस और क्रेडिट सिस्टम की पूरी रूपरेखा समझाई जाएगी.
चार वर्षीय CBCS पाठ्यक्रम और 75% उपस्थिति अनिवार्य
नए सत्र में नामांकित छात्र-छात्राओं को च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) के तहत मेजर कोर्स, माइनर कोर्स, मल्टी-डिसिप्लिनरी कोर्स, एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (AEC), स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (SEC) और वैल्यू एडेड कोर्स (VAC) के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया जाएगा. इसके तहत अंग्रेजी कम्युनिकेशन, क्रिएटिव राइटिंग, व्यवहारिक संप्रेषण कला, नैतिकता एवं संस्कृति तथा स्वच्छ भारत जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी. इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं में शामिल होने के लिए 75 प्रतिशत बायोमेट्रिक/दैनिक उपस्थिति की अनिवार्यता को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है.
