छपरा जंक्शन पर लगी अत्याधुनिक लगेज स्कैनर मशीन हुई खराब

जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर ग्रहण लग गया है.

छपरा. जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर ग्रहण लग गया है. स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच के लिए लगायी गयी अत्याधुनिक लगेज स्कैनर मशीन तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गयी है. करीब छह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस नयी तकनीक से लैस मशीन को दोबारा शुरू किया गया था, लेकिन कुछ ही समय में इसके बंद हो जाने से रेलवे सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग गया है. लगेज स्कैनर मशीन के माध्यम से यात्रियों के सामान की जांच कर संदिग्ध और खतरनाक वस्तुओं की पहचान की जाती है. इसके बंद रहने से यात्रियों के बैग और सामान की जांच नहीं हो पा रही है, जिससे सुरक्षा में चूक की आशंका भी बढ़ गयी है.विदित हो कि पूर्व में इसी मशीन की मदद से आरपीएफ ने कंबल में छिपाकर ले जाये जा रहे ज्वलनशील पदार्थ को बरामद किया था. उस घटना के बाद मशीन की उपयोगिता और भी बढ़ गयी थी. इस संबंध में पूछे जाने पर आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि मशीन की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को लिखित सूचना दे दी गयी है. तकनीकी टीम जल्द ही आकर इसे ठीक करेगी, जिससे सुरक्षा जांच फिर से सुचारू रूप से शुरू हो सके.

आये दिन खराबी आती रहती है मशीन में

छपरा जंक्शन पर सुरक्षा के लिए लगाया गया लगेज स्कैनर मशीन आये दिन तकनीकी खराबी के कारण बंद हो जा रहा है. नयी तकनीक से लैस मशीन लगाये जाने के बावजूद इसका नियमित रूप से बंद होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. बताया जाता है कि मशीन खराब होने के बाद कई बार संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर संज्ञान नहीं लिया जाता, जिससे महीनों तक संचालन बाधित रहता है. वहीं, मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी भी मनमाने ढंग से काम करती नजर आती है. कई यात्रियों ने भी इसकी शिकायत रेलवे प्रशासन से की है. कई बार तो असमाजिक तत्व स्कैनर मशीन खराब होने का फायदा उठाकर अवैध सामान लेकर आसानी से स्टेशन परिसर से आवाजाही करते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >