छपरा जंक्शन के पुराना माल गोदाम पार्सल कार्यालय के पास शनिवार की रात अपराधियों ने एक यात्री पर चाकू से हमला कर पांच हजार रुपये लूट लिये. घायल यात्री की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र निवासी रामबदन यादव के पुत्र संतोष कुमार यादव के रूप में हुई है. इस मामले में घायल यात्री संतोष कुमार यादव ने बताया कि वह भटनी से दरभंगा जाने के लिए मथुरा-छपरा एक्सप्रेस से छपरा जंक्शन पहुंचा था. ट्रेन के ठहराव के दौरान वह पेशाब करने के लिए पुराना माल गोदाम के पास गया, तभी दो अपराधियों ने पीछे से आकर उसे घेर लिया और रुपये की मांग करने लगे. जब उसने विरोध किया, तो अपराधियों ने उसकी पेट और गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया और नगदी लूटकर फरार हो गये. वहीं घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी और आरपीएफ के एएसआइ मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायल यात्री को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया. हालत गंभीर होने के कारण उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बतायी.
अपराधियों के लिए ””सेफ ज़ोन”” बना पुराना माल गोदाम
विदित हो कि पुराना माल गोदाम इलाका लंबे समय से अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना हुआ है. हालांकि, वर्तमान में इस क्षेत्र का पुनर्विकास किया जा रहा है, फिर भी अपराधिक गतिविधियां जारी हैं. यह इलाका आरपीएफ बैरक, सीडीओ आवास और सहायक सुरक्षा आयुक्त कार्यालय से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित है, फिर भी अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद कमांडेंट एस रामकृष्णन के निर्देश पर सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश पंवार के नेतृत्व में आरपीएफ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, सीआइबी उपनिरीक्षक संजय राय और जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी की संयुक्त टीम गठित की गयी. वहीं घायल यात्री के बयान के आधार पर जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है और पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. सुरक्षा बलों ने अपराधियों की तलाश तेज कर दी है, ताकि जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
