सारण के तरैया में स्कूल के पास ट्रांसफार्मर के केबल में लगी आग, सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने बंद की सप्लाई

तरैया बाजार में आदर्श मध्य विद्यालय के पास बिजली ट्रांसफार्मर के केबल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने सप्लाई बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और केबल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है.

Saran Transformer Fire: तरैया बाजार स्थित आदर्श मध्य विद्यालय की चहारदीवारी से सटे बिजली के ट्रांसफार्मर के केबल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी. केबल में लगी आग नीचे जमीन पर गिर पड़ी, जिससे ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े कूड़े में भी आग पकड़ ली. कूड़े में आग लगते ही लपटें तेज हो गयीं और जमीन से ट्रांसफार्मर तक जाने वाले केबल में भी आग पकड़ ली. घटना से आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी मच गयी.

सूचना पर बिजली विभाग ने बंद की सप्लाई

ट्रांसफार्मर के केबल में आग लगने की सूचना तरैया बाजार के व्यवसायियों ने मोबाइल से बिजली विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद पावर हाउस से बिजली की सप्लाई बंद कर दी गयी. इसके बाद बिजली कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. समय रहते बिजली सप्लाई बंद होने से बड़ा हादसा टल गया.

जमीन से महज एक फीट की ऊंचाई पर लटका है केबल

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से निकलने वाला केबल जमीन से महज एक फीट की दूरी पर लटका हुआ है. इसके कारण वहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. केबल काफी नीचे होने के कारण आसपास आने-जाने वाले लोगों और वाहनों के लिए खतरा बना हुआ है.

स्कूल और मुख्य सड़क के पास लगा है ट्रांसफार्मर

उक्त ट्रांसफार्मर तरैया-अमनौर एसएच-104 मुख्य सड़क के किनारे और आदर्श मध्य विद्यालय तरैया की चहारदीवारी से सटाकर लगाया गया है. स्कूल के समीप होने के कारण यहां बच्चों और लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. ऐसे में ट्रांसफार्मर और नीचे लटके केबल से कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है.

ट्रांसफार्मर के पास वाहन खड़े करने से बढ़ता है खतरा

स्थानीय व्यवसायी ट्रांसफार्मर के आसपास बाइक खड़ी कर देते हैं. वहीं पचौड़र जाने वाले टोटो चालक भी ट्रांसफार्मर के समीप टोटो सटाकर खड़ा कर देते हैं. इससे ट्रांसफार्मर के आसपास भीड़ और आवाजाही बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति में शॉर्ट सर्किट या केबल में खराबी होने पर बड़ा हादसा हो सकता है.

ट्रांसफार्मर को सड़क से पीछे करने की मांग

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों से ट्रांसफार्मर को सड़क किनारे से थोड़ा पीछे कराने की मांग की है. साथ ही जमीन के करीब लटके केबल को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने की मांग की गयी है, ताकि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, राहगीरों और स्थानीय व्यवसायियों को किसी तरह का खतरा न रहे.

Also Read: '5000 परिवारों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया', आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बोले- अमित शाह से हो रही बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >