"दोषी किसी कीमत पर नहीं बचेंगे": तरैया पहुंचे SC आयोग के अध्यक्ष, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और मुआवजे का भरोसा

बिहार में एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में अनुसूचित जाति आयोग की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया. आयोग के अध्यक्ष ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है और पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा व सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

Rape Murder: तरैया थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गंडक नहर बांध के पास 14 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मंगलवार को बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया. आयोग के अध्यक्ष धनंजय कुमार उर्फ मृणाल ने मृतका की मां और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली.

आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि यह बेहद गंभीर और जघन्य अपराध है. दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और कानून के तहत उन्हें कड़ी सजा दिलाने की पूरी कोशिश की जायेगी.

पीड़ित परिवार को जल्द मिलेगा सरकारी मुआवजा

आयोग ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का आश्वासन दिया. मौके पर मौजूद एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु और थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप को पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराने और तत्काल पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया. आयोग ने जल्द से जल्द पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा.

आयोग की टीम पहुंचने से पहले घर पर हमला

आयोग की टीम के गांव पहुंचने से कुछ देर पहले पीड़िता के घर पर दोबारा हमला किये जाने की सूचना मिली. इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आयी है. इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी. एसडीपीओ के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

एसडीपीओ ने आयोग के अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार के घर पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

22 अगस्त को दर्ज हुई थी अपहरण की प्राथमिकी

मृतका की मां सोनझड़ी देवी ने 22 अगस्त को अपनी 14 वर्षीय बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके अगले दिन 23 अगस्त को किशोरी का शव घर के पास गंडक नहर पुल के नीचे पानी से बरामद हुआ था.

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

मृतका की मां ने अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के सामने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की.

इसे भी पढ़ें:छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >