PM Surya Ghar Yojana Taraiya: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तरैया प्रखंड मुख्यालय के सभागार में 19 से 21 अगस्त तक तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया जायेगा. शिविर में लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ सोलर सिस्टम लगाने, सब्सिडी और बिजली बचत से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी.
पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बीडीओ ने की बैठक
शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर मंगलवार को तरैया प्रखंड विकास पदाधिकारी विभु विवेक ने प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्यों और मुखियों के साथ बैठक की. बीडीओ ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की.
बीडीओ ने बताया कि योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनुदान के रूप में सहायता राशि दी जा रही है. इससे पात्र परिवारों के लिए घर की छत पर सोलर सिस्टम लगाना आसान होगा.
एक किलोवाट पर 40 हजार रुपये तक अनुदान
बैठक में दी गयी जानकारी के अनुसार, एक किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की सहायता बतायी गयी है. इस तरह कुल 40 हजार रुपये तक अनुदान का प्रावधान बताया गया.
वहीं, दो किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 20 हजार रुपये की सहायता बतायी गयी है. तीन किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 20 हजार रुपये, यानी कुल 98 हजार रुपये तक की सहायता राशि मिलने की जानकारी दी गयी.
तीन किलोवाट पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली का दावा
विद्युत विभाग के जेई पंकज कुमार ने बताया कि तीन किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने पर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलने की जानकारी लोगों को दी जायेगी. उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न कंपनियों के सोलर सिस्टम उपलब्ध रहेंगे. अलग-अलग कंपनियों के उत्पादों की वारंटी भी अलग-अलग होगी, जो लगभग 25 से 30 वर्ष तक बतायी गयी है.
बैंक और बिजली विभाग के प्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद
तीन दिवसीय शिविर में लोगों को योजना से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. शिविर में विभिन्न कंपनियों के सोलर वेंडर्स के साथ बैंक प्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की भी मौजूदगी रहेगी.
बीडीओ ने प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, पंचायत समिति सदस्यों, सभी मुखिया, सरपंच, 20 सूत्री अध्यक्ष, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों, सहायक विद्युत अभियंता सहित आम लोगों से शिविर में भाग लेने का अनुरोध किया है.
प्रचार-प्रसार में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम
बीडीओ विभु विवेक ने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता जरूरी है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्र के लोगों को शिविर की जानकारी देने तथा इच्छुक लोगों को योजना से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की.
बैठक में प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, मुखिया अमित सिंह, ओम प्रकाश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि वीर बहादुर राय, दिलीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
