Hartalika Teej: हरितालिका तीज पर्व को लेकर रविवार को तरैया बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बाजार की विभिन्न दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही. महिलाएं तीज व्रत से संबंधित आवश्यक सामानों की खरीदारी करती नजर आयीं.
पर्व को लेकर कपड़ा, साड़ी, चूड़ी, लहठी, शृंगार प्रसाधन, पूजा सामग्री, डलिया, फल सहित अन्य सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही. कई दुकानदार ठेले पर तीज की सामग्री सजाकर बाजार में घूम-घूमकर बिक्री करते भी देखे गये.
नहाय-खाय के साथ शुरू हुई तीज व्रत की तैयारी
बताते चलें कि सोमवार को हरितालिका तीज का व्रत मनाया जायेगा. रविवार को महिलाओं ने नहाय-खाय के साथ व्रत की तैयारी शुरू की. इस अवसर पर महिलाओं ने घरों की साफ-सफाई करने के बाद स्नान किया और शुद्ध एवं सात्विक भोजन ग्रहण किया.
कई घरों में बिना लहसुन-प्याज के चावल, दाल और लौकी की सब्जी बनायी गयी, जिसे महिलाओं ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया. इसके बाद महिलाओं ने सोमवार को होने वाले निर्जला व्रत और पूजा-पाठ की तैयारियां शुरू कर दीं.
पति की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना
सोमवार को महिलाएं पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखेंगी. व्रत को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
पूजा-पाठ की सामग्री के साथ महिलाएं नये वस्त्र, साड़ी, चूड़ी, लहठी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और अन्य शृंगार प्रसाधनों की खरीदारी कर रही हैं. तीज पर्व को लेकर बाजार में महिला ग्राहकों की आवाजाही सुबह से ही बढ़ गयी थी.
मुख्य बाजार की दुकानों पर जुटी भीड़
दोपहर और शाम होते-होते मुख्य बाजार की अधिकांश दुकानों पर काफी भीड़ जुट गयी. दुकानदारों के अनुसार, तीज पर्व को लेकर खरीदारी बढ़ने से बाजार में रौनक लौट आयी है. पूरे बाजार में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.
