सावन की दूसरी सोमवारी पर तरैया में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालु करेंगे भोलेनाथ का जलाभिषेक

सावन की दूसरी सोमवारी पर तरैया स्थित शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा। हजारों शिव भक्त सुबह से ही भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे। मथुरा धाम से जल भरकर कांवरियों का जत्था भी रवाना हुआ।

Saran News: सावन की दूसरी सोमवारी पर तरैया बाजार स्थित श्रीरामजानकी ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर में हजारों की संख्या में शिव भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है. सोमवार की अहले सुबह से ही श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय शिव के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे. दूसरी सोमवारी को लेकर क्षेत्र के शिव मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है.

दूसरी सोमवारी को लेकर तरैया क्षेत्र में रविवार से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है. महिलाएं, युवतियां, पुरुष और बच्चे हाथों में जय शिव के झंडे और पवित्र गंगाजल के लिए कमंडल लेकर मंदिरों की ओर रवाना होते नजर आये. बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने की तैयारी में जुटे हैं.

मथुरा धाम से जलभरने के लिए रवाना हुए कांवरिये

तरैया शिव मंदिर से कांवरियों का जत्था पानापुर के मथुरा धाम से जलभरने के लिए रवाना हुआ. कांवरिये पैदल, बाइक, टेंपो और बसों से मथुरा धाम पहुंचकर पवित्र जल भरेंगे. इसके बाद श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे.

कांवरियों के जत्थे के रवाना होने के दौरान हर-हर महादेव और जय शिव के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय नजर आया. सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर युवाओं और महिलाओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है.

इन शिवालयों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

दूसरी सोमवारी पर तरैया शिव मंदिर के अलावा रामबाग रामेश्वर धाम, नंदनपुर, पोखरेड़ा, उसरी, शीतलपुर, फरीदपुरा समेत क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी.

श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. कई मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गयी है.

मंदिरों में पूरी हुई तैयारी

तरैया शिव मंदिर और घंटी बाबा मंदिर के पुजारी मुन्ना बाबा, शशिरंजन तिवारी और सुधांशु तिवारी ने बताया कि सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी हैं.

पुजारियों ने बताया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. भीड़ को देखते हुए पूजा और जलाभिषेक के दौरान व्यवस्था बनाये रखने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा.

दूसरी सोमवारी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने दूसरी सोमवारी पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की तैयारी की है. मंदिर परिसर, मंदिर के अंदर और गर्भगृह में महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जायेगी.

प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल को तैनात किया जायेगा. मंदिर परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जायेगी.

भक्तिमय रहेगा तरैया का माहौल

सावन की दूसरी सोमवारी पर तरैया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पूरे दिन भक्ति का माहौल रहने की उम्मीद है. मंदिरों में भगवान शिव के जयकारे गूंजेंगे और श्रद्धालु बेलपत्र, फूल, धतूरा, गंगाजल समेत अन्य पूजन सामग्री से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे.

इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >