Sonpur Railway Station: रेलवे सुरक्षा बल की अपराध आसूचना शाखा सोनपुर की टीम ने सोमवार की शाम सोनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 से 8.640 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. बरामद शराब केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए निर्मित थी.
कार्रवाई निरीक्षक चंदन कुमार सिंह के निर्देशन में की गयी. टीम में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार, अमरेश कुमार, सुनील दत्त राय तथा प्रधान आरक्षी राज किशोर मिश्रा शामिल थे. टीम स्टेशन पर अपराध और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी.
संदिग्ध बैग देखकर हुई कार्रवाई
देर शाम प्लेटफॉर्म संख्या-3 के छपरा छोर पर विद्युत तार के खंभा संख्या 272/28 के पास एक व्यक्ति पीठ पर काले रंग का भारी बैग लेकर जाता दिखाई दिया. संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और बैग की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान कार्टून में पैक 48 टेट्रा पैक शराब बरामद हुई. प्रत्येक टेट्रा पैक में 180 मिलीलीटर शराब थी. इस तरह बरामद शराब की कुल मात्रा 8.640 लीटर पायी गयी.
केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए थी शराब
बरामद शराब के पैकेटों पर ‘केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए’ अंकित था. शराब की खेप संख्या 1257 और निर्माण तिथि 6 अगस्त 2026 अंकित पायी गयी.
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अरुण सिंह (54 वर्ष), पिता स्वर्गीय नागेंद्र सिंह, निवासी असनगर बथनाहा, वार्ड संख्या-11, थाना बथैया, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है.
भटनी से शराब लाने की बात कही
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह शराब की खेप उत्तर प्रदेश के भटनी से खरीदकर अपने गांव में बिक्री के लिए ले जा रहा था.
रेलवे सुरक्षा बल ने बरामद शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करायी गयी.
राजकीय रेल थाना सोनपुर को सौंपा
आरपीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को जब्त शराब और आवश्यक कागजात के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना सोनपुर को सौंप दिया.
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान को मजबूती मिलने की बात कही गयी है.
इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र
