Saran News : शिक्षक दिवस के अवसर पर योगियां हाईस्कूल में वर्ष 2026 के ‘बेस्ट टीचर्स’ पुरस्कार से छह शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया. विद्यालय के शिक्षक विजय कुमार गुप्ता, हर्षवर्द्धन यादव, राहुल कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, प्रशांत कुमार और शिक्षिका पूर्णिमा सिंह को प्रधानाध्यापक लालबाबू यादव ने पुरस्कार प्रदान किया.
अतिरिक्त कक्षाओं से लेकर अनुशासन तक में रहा विशेष योगदान
प्रधानाध्यापक लालबाबू यादव ने कहा कि विद्यालय के सभी शिक्षक कर्तव्यनिष्ठ हैं, लेकिन इस वर्ष सम्मानित किए गए शिक्षक-शिक्षिकाओं का शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में विशेष योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि पुरस्कृत शिक्षक अपनी निर्धारित कक्षाओं के साथ-साथ अतिरिक्त कक्षाएं लेने में भी पीछे नहीं रहे. साथ ही विद्यालय प्रशासन और अनुशासन के अनुरूप अपने व्यवहार से भी उन्होंने बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया.
निचली कक्षाओं को पढ़ाना भी शिक्षक की जिम्मेदारी
प्रधानाध्यापक ने कहा कि कई बार कुछ शिक्षक नौवीं और दसवीं जैसी निचली कक्षाओं में पढ़ाने को लेकर संकोच करते हैं, जबकि यह विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था के विपरीत है. शिक्षक का दायित्व हर कक्षा के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देना है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में हर वर्ष ‘बेस्ट टीचर्स’ पुरस्कार देने की परंपरा शुरू की गई है और यह क्रम आगे भी जारी रहेगा.
बोले सम्मानित शिक्षक-शिक्षिका, कर्तव्य निभाना ही प्राथमिकता
पुरस्कृत शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कहा कि वे पुरस्कार या सम्मान पाने के लिए शिक्षण कार्य नहीं करते, बल्कि अपने शिक्षक धर्म और कर्तव्य का पालन करते हैं. सम्मान मिलने से उन्हें अपने कार्य को और बेहतर तरीके से करने की प्रेरणा जरूर मिलेगी.
सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के तैल चित्र पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं द्वारा माल्यार्पण कर की गई. इस दौरान एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं.
मौके पर वरिष्ठ शिक्षक रामेश्वर गोप, उमेश पांडेय, राजकुमारी, श्रेया, सिद्धि, धर्मेन्द्र तिवारी, अमर गुप्ता, आसिफ इकबाल, इरशाद, अविनाश, बृजकिशोर, मनोज सिंह लूसी समेत अन्य शिक्षक और कर्मी मौजूद थे.
