छपरा: शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, ससुराल और मायके की दूरियां मिटाकर पहुंचे भाई-बहन; सोशल मीडिया पर छाया रहा बधाई संदेश

सारण जिले में भाई-बहन के पवित्र प्रेम का पर्व रक्षाबंधन पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. इस दौरान दूरियां बेअसर रहीं और लोग सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर एक-दूसरे से मिले. सोशल मीडिया पर भी पर्व का क्रेज साफ दिखा.

Saran News: भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और समर्पण का महापर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को छपरा शहर सहित पूरे सारण जिले में अपार उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. सावन मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर सुबह से ही शुभ मुहूर्त होने के कारण घर-आंगन में समय से पूजन और रक्षासूत्र बांधने की रस्में शुरू हो गईं.

बहनों ने पूरी आस्था और विधि-विधान से पूजा की थाली सजाकर भाइयों की आरती उतारी, माथे पर रोली-चंदन का तिलक लगाया और कलाई पर रक्षासूत्र बांधा. बड़ी बहनों ने भाइयों को दीर्घायु और समृद्धि का आशीर्वाद दिया, तो वहीं छोटी बहनों ने राखी बांधने के बाद लाड़-दुलार से मनपसंद उपहार और नेग की मांग की. इस दौरान 'भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना' और लोकप्रिय भोजपुरी गीत 'राखी बंधवालs भैया सावन आइल' से घर-घर का माहौल उत्सवी बना रहा.

दूरियां बनीं बेअसर: सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे भाई-बहन

इस पावन पर्व पर ससुराल और मायके की दूरियां भी रिश्तों के स्नेह के आगे छोटी पड़ गईं. कई भाई लंबी दूरी की यात्रा तय कर अपनी बहनों के ससुराल पहुंचे और उन्हें उपहार भेंट कर रक्षा का संकल्प दोहराया. वहीं कई विवाहित बहनें भी अपने मायके पहुंचकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचीं, जिससे परिवारों में दिनभर मिलन और खुशियों का माहौल रहा. नन्हे बच्चों में भी डोरेमोन और अन्य कार्टून कैरेक्टर वाली डिजाइनर राखियों को लेकर भारी उत्साह देखा गया.

भाई को राखी बांधती बहनें | Prabhat Khabar Network

सोशल मीडिया पर छाया रहा राखी का क्रेज

त्योहार के अवसर पर युवाओं और युवतियों में यादगार पलों को कैमरे में कैद करने का जबरदस्त क्रेज रहा. राखी बांधने के तुरंत बाद भाई-बहनों ने सेल्फी और पारिवारिक तस्वीरें फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर साझा कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं. विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने भी इस अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्व के महत्व और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया.

Also Read: राखी बांधने वाली थी बहन, लेकिन भाई ने दी चिता को मुखाग्नि, रक्षाबंधन से पहले सर्पदंश ने छीन ली 23 साल की अंजलि


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >