Saran News : श्रावणी मेले को लेकर प्रखंड क्षेत्र के दंदासपुर स्थित प्रसिद्ध श्री ढोंढ़नाथ मंदिर में तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं. मंदिर परिसर में रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से किया जा रहा है. हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण इन कार्यों की गति कुछ प्रभावित हुई है.
ग्रामीण और शिवभक्त निभा रहे अहम भूमिका
श्री ढोंढ़नाथ मंदिर जीर्णोद्धार समिति के नेतृत्व में मेले की तैयारियां की जा रही हैं. इसमें आसपास के गांवों के शिवभक्त भी तन, मन और धन से सहयोग कर रहे हैं. समिति मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में जुटी हुई है.
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस रहेगी तैनात
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जनता बाजार थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी. इसके अलावा श्री ढोंढ़नाथ कांवरिया संघ के सदस्य भी मेले के संचालन और भीड़ नियंत्रण में सहयोग करेंगे. प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचती हैं. इसे देखते हुए महिला पुलिस बल की भी पर्याप्त तैनाती की जाएगी. आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा.
हर सोमवार उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
श्रावण माह में विशेषकर प्रत्येक सोमवार को श्री ढोंढ़नाथ मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस वर्ष श्रावण माह 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक रहेगा. पूरे महीने मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहेगी.
35 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचते हैं कांवरिया
श्रद्धालु रिविलगंज रेलवे स्टेशन के समीप सेमरिया स्थित नाथजी घाट से सरयू नदी का पवित्र जल कांवर में भरकर लगभग 35 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करते हुए श्री ढोंढ़नाथ मंदिर पहुंचते हैं. यहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं.
कांवरियों के लिए निःशुल्क सेवा की व्यवस्था
श्रावणी मेले के दौरान कांवरिया सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय, नाश्ता, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाती है. समिति का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले कांवरियों को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
Also Read : मालदा बीएसएफ कैंप में जवान की फायरिंग में सारण के हवलदार की मौत, गांव में पसरा मातम
