बच्चू पाण्डेय कला वीथी के तत्वावधान में शंभू कमलाकर मिश्र के निधन पर विधि मंडल छपरा के पूर्व अध्यक्ष गंगोत्री प्रसाद की अध्यक्षता में विधि मंडल के सदस्यों एवं साहित्य प्रेमियों की एक शोकसभा महेंद्र बाबू कक्ष में आयोजित की गई. बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने स्व मिश्र के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया.
दक्ष निरंजन शंभू के संचालन में आयोजित शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि शंभू कमलाकर मिश्र साहित्य और समाज से जुड़े संवेदनशील व्यक्तित्व थे. उनके निधन से साहित्यिक एवं सामाजिक जगत को गहरा आघात पहुंचा है. उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा.
इस अवसर पर अधिवक्ता मंजूर अहमद, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, रिपुंजय निशांत, शिशिर कुमार, बसंत कुमार सिंह, रवि शंकर श्रीवास्तव, मनिंदर कुमार, ध्रुव नारायण सिंह तथा साहित्यसेवी ज्योतिष पाण्डेय सहित कई लोग उपस्थित रहे.
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत मिश्र की आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
