सारण: बाढ़ की आड़ में शराब तस्करी, टोटो से अंग्रेजी शराब बरामद; तस्कर फरार

सरयू नदी में बाढ़ के बीच नाव से हो रही शराब तस्करी का भंडाफोड़। मांझी पुलिस ने घोरहट बांध के पास 69 लीटर अंग्रेजी शराब और एक टोटो जब्त किया।

Saran News : सरयू नदी में आई बाढ़ और दहा नदी के उफान के बीच शराब तस्करों ने तस्करी के नए रास्ते तलाश लिए हैं. बाढ़ के पानी का फायदा उठाकर दियारा क्षेत्र में नाव के सहारे उत्तर प्रदेश से शराब लाकर सारण के विभिन्न इलाकों में खपाने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन की ओर से नावों के परिचालन पर रोक के बावजूद तस्करों की गतिविधियों की सूचना मिल रही है.

बाढ़ की आड़ में नाव से शराब पहुंचाने की कोशिश

सारण और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे दियारा इलाके में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है. बाढ़ के कारण दियारा क्षेत्र में पुलिस की नियमित पहुंच भी चुनौतीपूर्ण हो गई है. इसी का फायदा उठाकर तस्कर चोरी-छिपे नाव के जरिए यूपी से शराब लाकर मांझी, छपरा और आसपास के इलाकों में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.

टोटो से मिली 69 लीटर अंग्रेजी शराब

इधर, बाढ़ के बावजूद मांझी थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घोरहट बांध के समीप छापेमारी की. इस दौरान एक टोटो की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 69 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई.

पुलिस को देखते ही टोटो छोड़कर भागा तस्कर

पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही टोटो सवार तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शराब लदी टोटो को जब्त कर लिया है. फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

नदी किनारे और बांधों पर बढ़ाई गई निगरानी

थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि बाढ़ के दौरान नाव के जरिए शराब तस्करी किए जाने की सूचना मिल रही है. पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. नदी किनारे और बांधों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि बाढ़ की आड़ में शराब की तस्करी पर रोक लगाई जा सके.

उन्होंने बताया कि फरार तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >