Saran News (मनोकामना सिंह) : मढ़ौरा प्रखंड के सलिमापुर पंचायत स्थित सालिमपुर पोखरा पर चल रहे सात दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का रविवार को हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हो गया. स्वामी श्री सत्यनारायणाचार्य जी के सानिध्य में आयोजित यह महायज्ञ 18 मई से शुरू होकर 24 मई तक चला. यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे में महाप्रसाद का वितरण किया जा रहा है, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण के लिए भीड़ है.
भीषण गर्मी पर भारी पड़ी आस्था
इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा. पिछले सात दिनों से चल रहे कथा-प्रवचन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और यज्ञ स्थल पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा.
विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
महायज्ञ को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर दिया. दर्शनार्थियों और महाप्रसाद के लिए आयोजन समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे. दोपहर के बाद शुरू हुआ विशाल भंडारा देर शाम तक चलेगा. इस पावन कार्य की व्यवस्था और संचालन में मुख्य रूप से सुनील सिंह, रोशन सिंह, चंदन सिंह, डॉ. विक्की सिंह, रोहित सिंह सहित समस्त सलिमापुर के ग्रामीणों ने अपनी सक्रिय और सराहनीय भूमिका निभाई.
Also Read : Saran News : 26 मई को होगा प्रभात खबर का अपराजिता महिला सम्मान समारोह
