सारण के तरैया से मनोज कुमार की रिपोर्ट
Saran News: सारण जिला के तरैया प्रखंड के पचौड़र पंचायत के रसीदपुर गांव में मुहर्रम पर्व को लेकर सोमवार को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया. वयोवृद्ध पूर्व जिला पार्षद डॉ. अब्दुल्ला खां के आवास पर आयोजित इस विशेष बैठक में तरैया थानाध्यक्ष के एसआई पंकज कुमार, शांति एकता समिति रसीदपुर के सदस्य व बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए. शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता रसीदपुर शांति एकता समिति के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्ला खां ने की. बैठक में दोनों ही समुदायों के प्रबुद्ध जनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
शांति समिति की बैठक में उपस्थित दोनों समुदायों के लोगों से एसआई पंकज कुमार ने मुहर्रम पर्व व ताजिया का जुलूस शांतिपूर्ण व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुहर्रम के जुलूस में किसी भी प्रकार के अफवाह फैलाने वाले असमाजिक तत्वों पर पुलिस व स्थानीय प्रशासन की पैनी नजर रहेगी. सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
लाइसेंस और रूट चार्ट का पालन जरूरी
पुलिस अधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम के जुलूस के लिए संबंधित अखाड़ा समितियों को लाइसेंस लेना बेहद जरूरी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा निर्गत लाइसेंस की शर्तों और तय रूट चार्ट के अनुसार ही ताजिया के साथ जुलूस लेकर आगे बढ़ना होगा. निर्धारित मार्ग से अलग जाने या नियमों का उल्लंघन करने की स्थिति में पूजा समितियों और अखाड़ा संचालकों पर जवाबदेही तय की जाएगी. इस दौरान सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई.
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से शांति एकता समिति के संयोजक नरेश कुमार, डॉ. अब्दुल्ला खां, सुरेन्द्र सिंह, वीरेन्द्र मांझी, शेख जैनुद्दीन, रियाजुद्दीन अंसारी, पृथ्वी सिंह, नंदलाल सिंह, राजकुमार राम, लालबाबू महतो, इकबाल अली, कैसर अली, मोहम्मद साह, सलाउद्दीन अंसारी समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे. बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्थानीय प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया और मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया.
