छपरा (सारण) से विकास कुमार की रिपोर्ट
Saran News : छपरा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर परिसदन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुये बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए शिखर पर पहुंचा है.मंत्री ने कहा कि “मोदी सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है. प्रधानमंत्री की सोच और नीतियों का परिणाम है कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है.
मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां बताईं
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जनधन योजना, हर घर नल का जल, पीएम किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है. ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और इंटरनेट कनेक्टिविटी का विस्तार विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है. श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में बिना किसी अवकाश के राष्ट्र सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा, “भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में लगातार 12 वर्षों तक जनता के विश्वास के साथ देश का नेतृत्व करना अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.इन वर्षों में 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को नई ऊर्जा मिली है और युवाओं में भविष्य के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है.”
राम मंदिर से अनुच्छेद-370 तक, मंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
मंत्री ने केंद्र सरकार के कई ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुये कहा कि अनुच्छेद-370 की समाप्ति, तीन तलाक पर प्रतिबंध तथा अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण जैसे फैसलों ने देश की एकता, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक गौरव को नई मजबूती प्रदान की है. उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.
पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में सरकार की उपलब्धियों का किया गया उल्लेख
गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिये संचालित योजनाओं ने समावेशी विकास की नई मिसाल कायम की है. प्रेसवार्ता का संचालन एवं ब्रीफिंग भाजपा के प्रधान प्रवक्ता एडवोकेट प्रकाश रंजन नीकू ने किया. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, महामंत्री विवेक कुमार सिंह, धर्मेंद्र शाह, कार्यालय मंत्री अर्धेंदु शेखर, उपाध्यक्ष अणु सिंह, विकास गुप्ता, रंजन यादव, शत्रुधन भक्त, बलवंत सिंह, अनूप यादव, संस्कार कुमार, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
